← Shipping GuideB2B माल

कंसाइनर और कंसाइनी क्या होता है? बिल्टी पर भेजने वाला, पाने वाला, और वह नाम जो सबसे ज़्यादा ग़लत लिखा जाता है

गांधी नगर की पार्टी फ़ोन पर कहती है, "बिल मेरे नाम काटो, माल मेरठ वाले को सीधा भेज दो।" बिल पर किसका नाम जाएगा, यह सबको पता है। बिल्टी के "पाने वाला" ख़ाने में किसका जाएगा, वहीं गड़बड़ होती है, और उसका नतीजा तीन दिन बाद NDR में दिखता है।

📦
ShipSeth Research Desk
Delhi, India · Updated 5 नवंबर 2026

सीधा जवाब

कंसाइनर (Consignor) वह है जो माल ट्रांसपोर्टर या कूरियर को भेजने के लिए सौंपता है, या जिसकी ओर से सौंपा जाता है। कंसाइनी (Consignee) वह है जिसका नाम बिल्टी पर माल लेने के लिए लिखा है। कंसाइनी हमेशा ख़रीदार नहीं होता: पार्टी अपने ग्राहक के पते पर माल मँगाए, तो बिल पार्टी के नाम और पाने वाला ग्राहक।

कंसाइनर और कंसाइनी का मतलब क्या है?

कंसाइनर माल भेजता है, कंसाइनी माल लेता है, और दोनों के नाम बिल्टी पर पक्के होते हैं।

किताबी हिंदी में इन्हें प्रेषक और प्रेषिती कहते हैं, पर मंडी में ये शब्द कोई नहीं बोलता। ट्रांसपोर्ट वाले की बिल्टी पर "भेजने वाला" और "पाने वाला" छपा रहता है, और कूरियर की AWB पर अंग्रेज़ी में Consignor और Consignee।

क़ानूनी परिभाषा Carriage by Road Act, 2007 की धारा 2 में है। उसमें कंसाइनर वह है जिसके द्वारा या जिसकी ओर से माल ट्रांसपोर्टर को सौंपा गया। यह "जिसकी ओर से" वाला हिस्सा काम का है: माल आपके सप्लायर के गोदाम से लोड हो, तब भी कंसाइनर आप हो सकते हैं। छोटी परिभाषा हिंदी शब्दावली में भी है।

कंसाइनर और कंसाइनी में क्या अंतर है?

फ़र्क़ सिर्फ़ भेजने और लेने का नहीं है; भाड़ा, बिल्टी की कॉपी और लौटे माल की ज़िम्मेदारी भी इसी से तय होती है।

कंसाइनर (भेजने वाला)कंसाइनी (पाने वाला)
कौन हैजो माल ट्रांसपोर्टर या कूरियर को सौंपता है, या जिसकी ओर से सौंपा जाता हैजिसका नाम बिल्टी पर माल लेने के लिए लिखा है
बिल्टी पर ख़ानाConsignor (shipper / return to)Consignee (deliver to)
ShipSeth पर कहाँ से भरता हैबुकिंग में चुना पिकअप पॉइंटDrop Details में डाला नाम, पता, फ़ोन
बिल्टी की कौन-सी कॉपीConsignor Copy अपने पासPOD कॉपी पर साइन, Consignee Copy अपने पास
भाड़ापेड (FoP) बिल्टी पर, बुकिंग के समयटू-पे बिल्टी पर, डिलीवरी के समय नकद
माल लौटा (RTO) तोमाल इसी के Return Address पर लौटता हैइसका कोई काम नहीं बचता

ShipSeth की हर बिल्टी तीन कॉपी में छपती है: Consignor Copy, Consignee Copy और POD · Carrier Copy। POD कॉपी पर पाने वाले के साइन का ख़ाना है, "received in good condition"। कार्टन गीला या कम है, तो पाने वाला यह बात साइन से पहले उसी कॉपी पर लिखे। बाद में WhatsApp पर भेजी फ़ोटो से क्लेम कमज़ोर पड़ता है।

क्या कंसाइनी हमेशा ख़रीदार ही होता है?

नहीं। बिल बताता है कि पैसा कौन देगा; बिल्टी बताती है कि माल कौन लेगा।

तीन हालात रोज़ आते हैं। पहला, पार्टी अपनी ही दुकान पर माल मँगाती है: ख़रीदार और कंसाइनी एक। दूसरा, पार्टी की दूसरी ब्रांच या कंस्ट्रक्शन साइट पर माल जाता है: कंसाइनी वही पार्टी, पर पता और फ़ोन साइट के आदमी का। तीसरा, पार्टी कहती है कि माल सीधे मेरे ग्राहक को भेजो: बिल पार्टी के नाम, कंसाइनी उसका ग्राहक।

ग़लती तीसरे में होती है। "पार्टी तो दिल्ली वाले हैं" सोचकर पाने वाले में दिल्ली की पार्टी का नाम और नंबर डाल दिया जाता है, पता मेरठ का। डिलीवरी बॉय मेरठ की दुकान पर दिल्ली वाली फ़र्म का नाम पूछता है, कोई नहीं पहचानता, फ़ोन दिल्ली में बजता है, और स्टेटस आता है NDR। पाने वाले के ख़ाने में वही नाम और फ़ोन जाना चाहिए जो माल उतरते समय उस पते पर मौजूद हो।

बिल्टी पर पाने वाले का नाम सही है? जाँचिए और पार्टी को मैसेज भेजिए

बुकिंग से पहले वही भरिए जो आप ShipSeth के Drop Details में डालने वाले हैं। टूल बताएगा कि नाम-फ़ोन में कहाँ गड़बड़ है, बिल्टी के ख़ानों में क्या छपेगा, और पार्टी से सही जानकारी मँगाने वाला हिंदी मैसेज बना देगा।

फ़ैसला

पहले ठीक कीजिए

  • माल किसी दूसरी फ़र्म पर उतर रहा है, पर पाने वाले में "अग्रवाल होज़री" लिखा है, यानी ऑर्डर देने वाली पार्टी। डिलीवरी बॉय उस दुकान पर यह नाम पूछेगा और वहाँ कोई इसे नहीं पहचानेगा। पाने वाले में उसी फ़र्म का नाम लिखिए जहाँ माल उतरना है; पार्टी का नाम बिल पर रहेगा।
  • पाने वाले का फ़ोन वही है जो ऑर्डर देने वाली पार्टी का है। डिलीवरी बॉय का फ़ोन पार्टी के पास बजेगा, माल उतरने वाली जगह पर नहीं। वहाँ के आदमी का नंबर लीजिए।
  • बिल ₹50,000 से ऊपर है, तो ई-वे बिल चाहिए, और Transaction Type "Bill To - Ship To" होगा: Bill To में पार्टी, Ship To में पाने वाली फ़र्म। ShipSeth पर ₹50,000 से ऊपर के बिल पर ई-वे बिल नंबर के बिना बुकिंग नहीं होती।
  • GST पार्टी के राज्य से लगेगा, पाने वाले के राज्य से नहीं (IGST Act की धारा 10(1)(b))। टैक्स की लाइन अपने CA से पक्की कर लीजिए।
ख़ानाक्या छपेगा
Consignor (भेजने वाला)आप। बुकिंग में चुने गए पिकअप पॉइंट से छपता है, उसी के कॉन्टैक्ट नाम और फ़ोन के साथ।
Consignee (पाने वाला)अग्रवाल होज़री, फ़ोन 9810012345
बिल का Bill Toअग्रवाल होज़री, गांधी नगर दिल्ली
भाड़ाआपका, बुकिंग पर वॉलेट से

पार्टी को WhatsApp पर भेजिए

नमस्ते अग्रवाल होज़री, आपका माल बुक कर रहे हैं। बिल्टी पर "पाने वाला" में यह लिखेंगे, एक बार पक्का कर दीजिए: 1. नाम (दुकान/फ़र्म): ... 2. पूरा पता, पिनकोड के साथ: ... 3. उस आदमी का मोबाइल जो माल लेते समय वहाँ होगा: ... बिल आपके नाम पर ही बनेगा, माल सीधे ऊपर वाले पते पर जाएगा। कार्टन पर कमी या टूट-फूट हो, तो साइन से पहले बिल्टी की POD कॉपी पर लिखवा दें। धन्यवाद

पहले से भरे नाम और नंबर सिर्फ़ उदाहरण हैं। टूल आपके ब्राउज़र में ही चलता है, कुछ कहीं नहीं भेजता; मैसेज आप अपने WhatsApp से भेजिए। हर तरह के ऑर्डर पर बिल, ई-वे बिल और बिल्टी के सारे ख़ाने English guide वाले चेक में भरते हैं।

उदाहरण: लुधियाना से मेरठ, दिल्ली की पार्टी के बिल पर

सिर्फ़ उदाहरण। फ़र्में और रक़में मनगढ़ंत हैं, बस यह दिखाने के लिए कि कौन-सा नाम कहाँ जाता है।

लुधियाना का होज़री कारख़ाना गांधी नगर, दिल्ली की एक पार्टी को ₹78,000 के ऊनी इनर बेचता है, 6 कार्टन। पार्टी कहती है कि माल मेरठ के आबूलेन वाले उसके ग्राहक को सीधे जाए।

बिल: दिल्ली की पार्टी · कंसाइनर: लुधियाना का पिकअप पॉइंट · कंसाइनी: मेरठ की दुकान · ई-वे बिल: Bill To - Ship To

बिल: दिल्ली की पार्टी के नाम, Ship To में मेरठ की दुकान। पंजाब से दिल्ली की बिक्री है, तो IGST।

ई-वे बिल: ₹78,000 है, यानी ₹50,000 से ऊपर, तो ज़रूरी। Bill To में दिल्ली की पार्टी, Ship To में मेरठ की दुकान।

ShipSeth बुकिंग: पिकअप पॉइंट लुधियाना का कारख़ाना। Drop Details में मेरठ की दुकान का नाम, पूरा पता और काउंटर पर बैठने वाले का मोबाइल। भाड़ा पेड, और वह दिल्ली की पार्टी के बिल में जुड़ा, क्योंकि मेरठ वाले ने भाड़े की कोई हामी नहीं भरी। Return Address पर "Same as Pickup Point" टिक रहने दिया, ताकि माल न उतरे तो लुधियाना लौटे।

यही ऑर्डर, उलटकर: पार्टी लुधियाना की ही होती और माल मेरठ जाता, तो बिल पर CGST + SGST लगता, भले माल उत्तर प्रदेश जा रहा हो। IGST Act की धारा 10(1)(b) के हिसाब से टैक्स उस पार्टी के राज्य से चलता है जिसने डिलीवरी कहीं और करवाई, बिल्टी के पते से नहीं।

इस उदाहरण से एक नियम याद रखिए: बिल्टी माल की है, बिल पैसे का। दोनों अलग-अलग पढ़िए, और पाने वाले का ख़ाना भरते समय सिर्फ़ यह पूछिए कि माल उतरते समय वहाँ कौन खड़ा होगा।

भाड़ा कौन देता है, कंसाइनर या कंसाइनी?

कंसाइनर, जब तक बिल्टी पर टू-पे न लिखा हो।

ShipSeth की बिल्टी पर भाड़ा दो तरह छपता है: FoP, यानी पेड, जो बुकिंग के समय आपके वॉलेट से कट जाता है; या To-Pay, जिसमें पाने वाला डिलीवरी पर नकद देता है। COD इससे अलग चीज़ है। वह माल की क़ीमत है जो डिलीवरी बॉय पाने वाले से लेता है; भाड़ा किसने दिया, उससे नहीं बदलता।

टू-पे पर बुकिंग में कुछ नहीं कटता, पर वॉलेट में ₹500 चाहिए, और पाने वाले ने माल नहीं लिया तो जाने और लौटने का भाड़ा आपके वॉलेट से जाएगा। इसलिए पार्टी के ग्राहक को टू-पे कभी मत भेजिए: भाड़े की बात पार्टी से हुई थी, ग्राहक से नहीं। पूरा हिसाब टू-पे क्या होता है में है।

माल लौटे (RTO) तो कंसाइनर कौन रहता है?

आप ही। RTO वही शिपमेंट है जो बुकिंग में दिए Return Address पर वापस आता है।

बुकिंग फ़ॉर्म में Return Address अपने-आप "Same as Pickup Point" रहता है। माल अपने गोदाम से जा रहा है, तो इसे छेड़िए मत। माल सप्लायर या जॉब-वर्कर के यहाँ से उठ रहा है, तो टिक हटाकर अपना गोदाम डालिए, नहीं तो लौटा माल सप्लायर के दरवाज़े पर पहुँचेगा। ग्राहक की रिटर्न के लिए बुक किया रिवर्स पिकअप अलग बात है: वह अपनी अलग बुकिंग है, जिसमें माल ग्राहक से उठता है। RTO का पूरा हिसाब RTO क्या है में है।

नुक़सान का सवाल भी कंसाइनर पर आता है। बुकिंग रिव्यू में Insurance: Owner Risk दिखे, तो रास्ते में खोए माल का जोखिम भेजने वाले का है, ट्रांसपोर्टर की क़ानूनी देनदारी से ऊपर। महँगा माल है तो ओनर रिस्क और कैरियर रिस्क वाली गाइड पढ़कर ही भेजिए।

पार्सल और B2B माल, एक ही जगह

सही नाम के साथ बिल्टी छपवाइए

रजिस्ट्रेशन मुफ़्त, कोई मंथली फ़ीस नहीं। हर कूरियर का रेट बुकिंग से पहले दिखता है, प्रीपेड वॉलेट से हर शिपमेंट का भुगतान होता है, और हर कार्गो बुकिंग पर तीन कॉपी वाली बिल्टी छपती है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

कंसाइनर और कंसाइनी का हिंदी मतलब क्या है?
कंसाइनर (Consignor) माल भेजने वाला है, जिसे किताबी हिंदी में प्रेषक कहते हैं। कंसाइनी (Consignee) माल पाने वाला है, जिसे प्रेषिती या परेषिती कहते हैं। बिल्टी पर ट्रांसपोर्टर ज़्यादातर बस "भेजने वाला" और "पाने वाला" लिखते हैं।
कंसाइनर और कंसाइनी में क्या अंतर है?
कंसाइनर माल गाड़ी या कूरियर को सौंपता है, कंसाइनी उसे डिलीवरी पर लेता और POD कॉपी पर साइन करता है। ShipSeth की बिल्टी पर कंसाइनर का ख़ाना आपके पिकअप पॉइंट से और कंसाइनी का ख़ाना बुकिंग के Drop Details से छपता है।
क्या कंसाइनी और ख़रीदार एक ही होते हैं?
ज़्यादातर, पर हमेशा नहीं। ख़रीदार वह है जिसके नाम बिल बना और जो आपको पैसा देगा। कंसाइनी वह है जिसके पते पर माल उतरेगा। पार्टी कहे कि माल सीधे मेरे ग्राहक को भेज दो, तो बिल पार्टी के नाम और बिल्टी पर पाने वाला उसका ग्राहक।
क्या कंसाइनर और कंसाइनी एक ही हो सकते हैं?
हाँ। अपने ही एक गोदाम से दूसरे गोदाम या दुकान पर माल भेजें, तो बिल्टी पर दोनों जगह आपकी फ़र्म होगी। इस ट्रांसफ़र के साथ कौन-सा GST काग़ज़ जाएगा, यह दोनों जगह के GSTIN पर टिका है; यह अपने CA से पूछिए।
सप्लायर के गोदाम से माल जाए, तो कंसाइनर कौन है?
फिर भी आप, अगर माल आपकी ओर से सौंपा जा रहा है। ShipSeth पर सप्लायर का गोदाम अपने नाम से एक पिकअप पॉइंट बनाकर जोड़िए, और Return Address में अपना गोदाम डालिए, ताकि लौटा माल सप्लायर के पास न जाए।
भाड़ा कौन देता है, कंसाइनर या कंसाइनी?
जो बिल्टी पर लिखा है। पेड बिल्टी पर कंसाइनर बुकिंग के समय देता है; ShipSeth पर यह वॉलेट से कटता है। टू-पे बिल्टी पर कंसाइनी डिलीवरी पर नकद देता है, और बुकिंग के लिए वॉलेट में ₹500 चाहिए।

स्रोत