← Glossary (English)शब्दावली

कूरियर शब्दावली हिंदी में: ट्रैकिंग, बिल और बिल्टी पर लिखे हर शब्द का मतलब

SMS में "RTO Initiated" आया, बिल पर "ODA" की लाइन दिखी, ट्रांसपोर्टर ने "GR नंबर" माँगा। यहाँ 53 शब्द हैं, उसी जगह के हिसाब से जहाँ आप उनसे मिलते हैं, और हर शब्द के साथ यह कि अभी क्या करना है।

ShipSeth Research Desk
नई दिल्ली

सीधा जवाब

सबसे ज़रूरी चार शब्द: AWB पार्सल का ट्रैकिंग नंबर है, NDR नाकाम डिलीवरी की रिपोर्ट जिस पर ShipSeth पर 48 घंटे में जवाब देना है, RTO पार्सल का आपको लौटना है, और चार्जेबल वेट असली और नाप वाले वज़न में से बड़ा। थोक माल में इनके साथ बिल्टी, ई-वे बिल और CFT जुड़ते हैं।

कौन सा शब्द दिखा? यहाँ लिखिए

हिंदी, अंग्रेज़ी या हिंग्लिश में लिखिए, या ट्रैकिंग SMS की पूरी लाइन चिपका दीजिए। नीचे सिर्फ़ मिलते-जुलते शब्द बचेंगे।

आज़माइए:

ट्रैकिंग मैसेज में लिखे शब्दों का मतलब क्या है?

ये शब्द बताते हैं कि पार्सल अभी कहाँ है और आपको कुछ करना है या नहीं। इनमें से सिर्फ़ NDR पर घड़ी चलती है, बाक़ी पर नज़र रखनी है।

AWB नंबर

Air Waybill

वह ट्रैकिंग नंबर जो कूरियर बुकिंग होते ही एक शिपमेंट को देता है। लेबल का बारकोड यही है, और हर हब पर यही स्कैन होता है।

अभी क्या करें: कूरियर से हर बात इसी नंबर से कीजिए, ऑर्डर नंबर से नहीं। ShipSeth पर यह All Orders में और लेबल पर मिलता है।

AWB नंबर क्या है →

In Transit

रास्ते में

पार्सल उठ चुका है और एक हब से दूसरे हब या मंज़िल वाले शहर की ओर जा रहा है। डिलीवरी बॉय तक अभी नहीं पहुँचा।

अभी क्या करें: एक दिन बिना नए स्कैन के रहना आम है। दो दिन कोई स्कैन न हो, तो AWB के साथ पूछताछ कीजिए।

In Transit का मतलब क्या है →

Out for Delivery

OFD

डिलीवरी बॉय पार्सल लेकर आज के चक्कर पर निकल चुका है। आज दरवाज़े पर कोशिश होगी।

अभी क्या करें: COD ऑर्डर हो, तो ख़रीदार को बता दीजिए कि आज फ़ोन चालू रखें और रक़म तैयार रखें। शाम तक Delivered न हो, तो NDR आएगी।

ट्रैकिंग स्टेटस हिंदी में →

NDR

Non-Delivery Report

कूरियर की रिपोर्ट कि डिलीवरी की कोशिश नाकाम हुई, और क्यों: ग्राहक नहीं मिला, मना किया, पता अधूरा।

अभी क्या करें: ShipSeth पर हर NDR के बाद 48 घंटे हैं। NDR पेज पर दोबारा डिलीवरी, नया पता, नया फ़ोन या RTO चुनिए, कूरियर की उसी दिन की कट-ऑफ से पहले।

NDR क्या होता है →

फ़र्ज़ी डिलीवरी अटेम्प्ट

Fake delivery attempt, fake NDR

डिलीवरी बॉय दरवाज़े पर आया ही नहीं, फिर भी ट्रैकिंग में NDR डल गई, जैसे "Customer not available"। ShipSeth कूरियर के स्कैन का समय पढ़कर इसे "Suspected fake attempt" मानता है, अगर उस दिन पहले Out for Delivery स्कैन नहीं था, NDR सुबह 8 से पहले या रात 9 के बाद की है, या एक ही दिन में दो अलग कोशिशें दर्ज हैं।

अभी क्या करें: ख़रीदार से एक कॉल में पूछ लीजिए कि कोई आया था या नहीं। नहीं आया, तो RTO मत चुनिए। 48 घंटे के अंदर री-अटेम्प्ट भेजिए, निर्देश में "कॉल करके आएँ" लिखिए, और AWB सपोर्ट को दीजिए ताकि कूरियर से बात हो।

NDR क्या होता है: हर कारण पर क्या करें →

RTO

Return to Origin

कूरियर पार्सल ख़रीदार को नहीं दे पाया, इसलिए उसे आपके पिकअप पते पर लौटा रहा है। स्टेटस पहले RTO Initiated, फिर RTO Delivered।

अभी क्या करें: वापसी का भाड़ा रेट कार्ड की RTO लाइन से वॉलेट से कटता है और उस ऑर्डर का COD कभी नहीं आता। लौटे माल को Returns & RTO में मिलाइए।

RTO क्या है →

EDD

Expected Delivery Date

वह तारीख़ जिस दिन कूरियर पार्सल पहुँचने की उम्मीद करता है: पिकअप का दिन + उस पिनकोड जोड़ी के ट्रांज़िट दिन।

अभी क्या करें: ख़रीदार को बुकिंग के दिन से नहीं, पिकअप के दिन से गिनकर तारीख़ बताइए। यह अंदाज़ा है, वादा नहीं।

EDD क्या होता है →

POD

Proof of Delivery

डिलीवरी का सबूत। पार्सल में कूरियर का Delivered स्कैन, साथ में नाम, दस्तख़त, फ़ोटो या OTP। B2B माल में बिल्टी की दस्तख़त-मुहर वाली कॉपी।

अभी क्या करें: ख़रीदार कहे "माल नहीं मिला", तो पहले POD माँगिए, फिर बहस कीजिए।

POD क्या होता है →

डैमेज क्लेम

Damage claim

रास्ते में टूटा या ख़राब हुआ माल ख़रीदार तक या RTO में आप तक पहुँचे, तो कूरियर से उसकी क़ीमत माँगना। ShipSeth पर डिलीवरी के 7 दिन के अंदर, बिना इंश्योरेंस के बिल की क़ीमत या ₹5,000 तक, जो कम हो।

अभी क्या करें: ख़रीदार को पहला मैसेज: डिब्बा मत फेंकिए, खोलते हुए एक ही वीडियो बनाइए। फिर AWB, बिल और सबूत [email protected] पर भेजिए।

पार्सल टूटा आया? डैमेज क्लेम कैसे करें →

खोया पार्सल

Lost shipment, untraceable

कूरियर ने पार्सल उठा लिया, पर अब अपने नेटवर्क में कहीं ढूँढ नहीं पा रहा। ShipSeth पर Picked Up के बाद 5 दिन, या In Transit में 7 दिन तक कोई स्कैन न आए, तो पार्सल "Suspected lost" माना जाता है और उस पर दावे की तैयारी शुरू होती है।

अभी क्या करें: "Untraceable" वाली एक लाइन देखकर दावा मत ठोकिए, अक्सर अगली लाइन "Found" आ जाती है। कूरियर खोया मान ले, तो AWB और बिल की कॉपी के साथ एक्सपेक्टेड डिलीवरी डेट से 15 दिन के अंदर [email protected] पर लिखिए। बिना बीमे के बिल की क़ीमत या ₹5,000 मिलते हैं, जो भी कम हो।

In Transit का मतलब: पार्सल को खोया कब मानें →

फ़र्स्ट माइल / लास्ट माइल

First mile, last mile

पार्सल के रास्ते के हिस्से: आपके गोदाम से पहले हब तक फ़र्स्ट माइल, हबों के बीच मिडल माइल, और आख़िरी हब से ख़रीदार के दरवाज़े तक लास्ट माइल।

अभी क्या करें: देरी किस हिस्से में हुई, यह जानकर ही सही जगह शिकायत होती है। पिकअप की देरी फ़र्स्ट माइल है, NDR लास्ट माइल।

फ़र्स्ट माइल और लास्ट माइल क्या है →

ट्रैकिंग स्टेटस

Tracking status, scan status

कूरियर का आख़िरी स्कैन: पार्सल अभी कहाँ है और अगली चाल किसकी है। हर कूरियर अपने शब्द लिखता है, ShipSeth उन्हें नौ स्टेटस में बदल देता है: Waybill Generated, Pickup Scheduled, Picked Up, In Transit, Out for Delivery, Delivered, NDR, RTO Initiated, RTO Delivered।

अभी क्या करें: कूरियर का शब्द देखकर घबराइए मत, ShipSeth वाला स्टेटस देखिए। Delhivery का "Dispatched" मतलब पार्सल आज डिलीवरी पर निकला; XpressBees का "Dispatched" बस इतना कि हब से निकला। Delhivery का "UD" एक आम अपडेट है, XpressBees का "UD" Undelivered। "Pending" NDR तभी है जब लाइन में डिलीवरी नाकाम होने की वजह लिखी हो।

In Transit का मतलब: ट्रैकिंग की हर लाइन हिंदी में →

कोट और बिल पर कौन से शब्द भाड़ा तय करते हैं?

भाड़ा वज़न और ज़ोन से बनता है, फिर रेट कार्ड उस पर सरचार्ज की लाइनें जोड़ता है। ShipSeth पर इनमें से ज़्यादातर लाइनें बुकिंग से पहले कोट में दिख जाती हैं।

डेड वेट

Dead weight / actual weight

पैक किए पार्सल का कांटे पर तौला वज़न, डिब्बा, टेप और अंदर रखा बिल सब मिलाकर। सामान का अकेला वज़न डेड वेट नहीं है। कई डिब्बों में यह सब डिब्बों का जोड़ है।

अभी क्या करें: टेप लगाने के बाद तौलिए और वही वज़न बुकिंग में डालिए। Shopify से आया ऑर्डर सिर्फ़ सामान का वज़न लाता है, WooCommerce वाला 0.5 किलो से शुरू होता है; बुक करने से पहले दोनों ठीक कीजिए, वरना कूरियर का कांटा वेट डिस्क्रेपेंसी बनाकर ठीक करेगा।

चार्जेबल वेट क्या होता है →

चार्जेबल वेट

Chargeable weight

जिस वज़न पर भाड़ा लगता है: असली वज़न और वॉल्यूमेट्रिक वज़न में से जो बड़ा हो, फिर रेट कार्ड के स्लैब तक ऊपर गोल किया हुआ।

अभी क्या करें: कोट में यही वज़न देखिए। यह आपके तौले वज़न से ज़्यादा है, तो डिब्बा ज़रूरत से बड़ा है।

चार्जेबल वेट क्या होता है →

वॉल्यूमेट्रिक वज़न

Volumetric weight

डिब्बे के नाप से गिना वज़न: लंबाई × चौड़ाई × ऊँचाई (सेमी) ÷ डिवाइज़र। पार्सल कार्ड पर डिवाइज़र आम तौर पर 5,000 होता है।

अभी क्या करें: हल्का पर बड़ा माल (रज़ाई, खिलौने, जूते के डिब्बे) भेजते हैं, तो पैक करके नाप डालिए, अंदाज़े से नहीं।

वॉल्यूमेट्रिक वज़न कैसे निकालें →

वेट स्लैब

Weight slab

वह सीढ़ी जिसमें पार्सल का भाड़ा बढ़ता है: पहले स्लैब का एक रेट, फिर हर अगले स्लैब या उसके हिस्से का तय रेट।

अभी क्या करें: 500 ग्राम स्लैब पर 600 ग्राम का पार्सल 1 किलो का भाड़ा देता है। स्लैब की सीमा से 50 ग्राम ऊपर हैं, तो पैकिंग हल्की कीजिए।

चार्जेबल वेट और वेट स्लैब →

ज़ोन

Courier zone

वह खाना जिसमें रेट कार्ड आपके पिकअप और डिलीवरी पिनकोड की जोड़ी को रखता है। हर ज़ोन का अपना स्लैब रेट होता है।

अभी क्या करें: आम तौर पर A शहर के अंदर और E नॉर्थ-ईस्ट व J&K, पर नियम हर कूरियर के अपने हैं। एक ही जोड़ी दो कूरियर पर अलग ज़ोन में हो सकती है।

कूरियर ज़ोन क्या होता है →

एयर / सरफेस मोड

Air and surface mode

शहरों के हबों के बीच पार्सल कैसे जाएगा: हवाई जहाज़ से (Air या Express) या ट्रक से (Surface)। पिकअप और डिलीवरी दोनों में सड़क से। एयर लंबे रूट पर जल्दी और महँगा, सरफेस सस्ता और ज़्यादा माल लेने वाला।

अभी क्या करें: पहले डिब्बे का माल देखिए: परफ़्यूम, स्प्रे या पावर बैंक हो तो एयर नहीं। फिर बुकिंग पेज पर रेंज का आख़िरी दिन अपनी तारीख़ से मिलाइए।

एयर और सरफेस कूरियर में क्या अंतर है →

ODA

Out of Delivery Area

ऐसा पिनकोड जहाँ कूरियर जाता तो है, पर अपने रोज़ के नेटवर्क के बाहर। भाड़े के ऊपर ODA चार्ज जुड़ता है और डिलीवरी में एक-दो दिन ज़्यादा।

अभी क्या करें: ODA हर कूरियर का अपना निशान है। Serviceability में देखिए कि कौन से कूरियर पर वही पिनकोड Standard है, फिर कुल रक़म मिलाइए।

ODA क्या होता है →

DPH / फ़्यूल सरचार्ज

Diesel Price Hike

DPH डीज़ल का भाव रेट कार्ड के बेस भाव से ऊपर जाने पर भाड़े में जुड़ने वाली रक़म है। फ़्यूल सरचार्ज भाड़े का तय प्रतिशत है, जो डीज़ल के साथ नहीं हिलता।

अभी क्या करें: दो रेट कार्ड मिलाते समय सिर्फ़ बेस रेट नहीं, सरचार्ज जोड़कर कुल रक़म मिलाइए।

DPH और फ़्यूल सरचार्ज क्या है →

वेट डिस्क्रेपेंसी

Weight discrepancy

कूरियर के हब पर पार्सल बुकिंग से भारी या बड़ा निकला, तो जो अतिरिक्त चार्ज जुड़ता है। यह तभी बनता है जब फ़र्क़ अगले स्लैब में ले जाए।

अभी क्या करें: पैसा उसी वक़्त कटता है। Weight Reconciliation में क्लेम के लिए आम तौर पर 5 दिन मिलते हैं, तराज़ू और इंची-टेप की फ़ोटो के साथ।

वेट डिस्क्रेपेंसी क्या है →

COD रेमिटेंस

COD remittance

ख़रीदार से कूरियर ने जो नकद लिया, उसका आपके बैंक खाते में आना।

अभी क्या करें: ShipSeth हर मंगलवार और शुक्रवार पूरी रक़म भेजता है, बिना कटौती। COD चार्ज बुकिंग पर वॉलेट से कटता है, सेटलमेंट से नहीं। हिसाब COD Remittance पेज पर।

COD कैसे काम करता है →

रिवर्स पिकअप

Reverse pickup (RVP)

डिलीवर हो चुका सामान ख़रीदार के घर से उठाकर आपके गोदाम लाना। यह नई बुकिंग है: नया AWB, अलग भाड़ा।

अभी क्या करें: Reverse Pickup से बुक कीजिए; भाड़ा आपके वॉलेट से कटता है। जो पार्सल डिलीवर ही नहीं हुआ, वह RTO है, रिवर्स पिकअप नहीं।

रिवर्स पिकअप क्या होता है →

कूरियर एग्रीगेटर

Shipping aggregator

वह पैनल जिस पर एक अकाउंट और एक वॉलेट से कई कूरियर कंपनियों में से किसी से भी पार्सल बुक होता है। पार्सल उठाता और पहुँचाता कूरियर ही है; हर कूरियर का भाव, बुकिंग, लेबल, NDR का जवाब और COD का हिसाब एग्रीगेटर के पैनल में होता है।

अभी क्या करें: जुड़ने से पहले चार बातें पूछिए: मासिक फ़ीस, भाव बुकिंग से पहले दिखता है या बिल में, COD किस दिन आता है, और वज़न का झगड़ा कैसे सुलझता है। ShipSeth पर रजिस्ट्रेशन मुफ़्त, कोई मासिक फ़ीस नहीं, भाव बुकिंग से पहले, COD मंगलवार और शुक्रवार। अपना कूरियर कॉन्ट्रैक्ट हो, तो BYOC से उसे इसी पैनल में जोड़िए।

कूरियर एग्रीगेटर क्या होता है →

बिल्टी और GST काग़ज़ों पर कौन से शब्द आते हैं?

ये शब्द माल के साथ चलने वाले काग़ज़ के हैं। इनमें गड़बड़ी का नतीजा रास्ते में चालान या क्लेम ख़ारिज होना है, इसलिए गाड़ी निकलने से पहले मिलान कीजिए।

बिल्टी (LR)

Lorry receipt

ट्रांसपोर्टर की वह रसीद जो माल उठाते समय मिलती है: किसने भेजा, किसे जाना है, कितने कार्टन, वज़न, क़ीमत, और भाड़ा कौन देगा।

अभी क्या करें: तीन कॉपी बनती हैं: एक आपकी, एक ख़रीदार की, और एक POD बनकर कैरियर के पास लौटती है। गाड़ी निकलने से पहले कार्टन गिनती बिल से मिलाइए।

बिल्टी क्या होती है →

कंसाइनर और कंसाइनी

Consignor and consignee

कंसाइनर माल ट्रांसपोर्टर या कूरियर को सौंपने वाला है, कंसाइनी वह जिसका नाम बिल्टी पर माल लेने के लिए लिखा है।

अभी क्या करें: पाने वाले में वही नाम और मोबाइल डालिए जो माल उतरते समय उस पते पर होगा। पार्टी ने अपने ग्राहक को भिजवाया है, तो बिल पार्टी के नाम, पाने वाला उसका ग्राहक।

कंसाइनर और कंसाइनी क्या होता है →

डिलीवरी चालान

Delivery challan

GST का वह काग़ज़ जिस पर माल बिना बिक्री के चलता है: जॉब वर्क, एक ही GSTIN के गोदाम से दुकान, अप्रूवल पर माल, प्रदर्शनी। ट्रैफ़िक वाला चालान नहीं।

अभी क्या करें: दूसरे राज्य की अपनी ब्रांच को माल चालान पर नहीं, टैक्स इनवॉइस पर। ShipSeth बुकिंग में चालान नंबर Invoice Number में डालिए, सिर्फ़ अक्षर, अंक, "/" और "-"।

डिलीवरी चालान क्या होता है →

डॉकेट नंबर

Docket number

बुकिंग रसीद पर छपा वह नंबर जो कूरियर या ट्रांसपोर्टर माल बुक करते ही देता है। पार्सल पर यही AWB है, ट्रक वाले माल पर यही LR नंबर।

अभी क्या करें: कोई "डॉकेट नंबर दो" कहे, तो पार्सल का AWB या कार्गो का LR नंबर दीजिए, ऑर्डर नंबर नहीं।

डॉकेट नंबर क्या होता है →

ई-वे बिल

E-way bill

GST का ऑनलाइन दस्तावेज़, जो ₹50,000 से ज़्यादा (GST मिलाकर) के कंसाइनमेंट को भेजने से पहले सरकारी पोर्टल पर बनता है। कूरियर पार्सल पर भी लागू।

अभी क्या करें: नंबर बुकिंग फ़ॉर्म में डालिए। सड़क से वैलिडिटी हर 200 किमी पर एक दिन है, इसलिए पिकअप टले तो तारीख़ देखिए।

स्रोत: GST Council का ई-वे बिल फ़्लायर (Chapter 18)

ई-वे बिल क्या है →

HSN कोड

HSN code

GST में माल की पहचान का नंबर। GST की दर इसी कोड से तय होती है।

अभी क्या करें: वही कोड बिल, ई-वे बिल और ShipSeth के बुकिंग फ़ॉर्म, तीनों पर एक हो। बिल पर कितने अंक लिखने हैं, यह टर्नओवर से तय होता है।

HSN कोड क्या होता है →

टैक्स इनवॉइस

Tax invoice / GST bill

GST में रजिस्टर्ड विक्रेता का बिक्री का बिल। माल के साथ इसकी कॉपी चलती है।

अभी क्या करें: इनवॉइस नंबर 16 अक्षर से लंबा न हो। अपने राज्य में CGST + SGST, दूसरे राज्य में IGST।

स्रोत: CGST नियम 46 (CBIC पोर्टल)

टैक्स इनवॉइस क्या होता है →

टू-पे

To-Pay

भाड़ा माल लेने वाली पार्टी डिलीवरी पर नकद देगी, भेजने वाला बुकिंग पर नहीं।

अभी क्या करें: ShipSeth पर टू-पे बुकिंग पर वॉलेट से कुछ नहीं कटता, बस ₹500 बैलेंस चाहिए। पार्टी ने माल नहीं लिया, तो जाने और लौटने का भाड़ा आपके वॉलेट से।

टू-पे क्या होता है →

ROV (ओनर रिस्क / कैरियर रिस्क)

Risk on Value, FOV

रास्ते में माल खोया या टूटा, तो नुक़सान किसका, इसका चार्ज। ओनर रिस्क में भेजने वाले का, कैरियर रिस्क में ट्रांसपोर्टर का, घोषित क़ीमत तक।

अभी क्या करें: महँगा माल है, तो बिल्टी पर ROV का खाना देखकर ही गाड़ी छोड़िए, और बिल, ई-वे बिल व बिल्टी की क़ीमत एक रखिए।

ओनर रिस्क और कैरियर रिस्क क्या है →

डिक्लेयर्ड वैल्यू

Declared value, invoice value

बुकिंग के समय बताई गई माल की क़ीमत: बिल की पूरी रक़म, GST समेत। खोने पर क्लेम इससे ऊपर नहीं जाता।

अभी क्या करें: हर ऑर्डर में बिल की रक़म डालिए, COD रक़म नहीं। बल्क शीट में यह कॉलम ख़ाली या ₹ वाला हो तो ₹0 पढ़ा जाता है, इसलिए अपलोड से पहले जाँचिए।

डिक्लेयर्ड वैल्यू क्या होती है →

पैकिंग टेबल और पिकअप पर कौन से शब्द काम आते हैं?

ये गोदाम के अंदर के शब्द हैं: डिब्बे पर क्या चिपकेगा, राइडर किस काग़ज़ पर साइन करेगा, और किस पिनकोड से माल उठेगा ही नहीं।

शिपिंग लेबल

Shipping label

डिब्बे पर चिपकने वाला काग़ज़, जिस पर AWB बारकोड, डिलीवरी पता और आपका वापसी पता छपता है।

अभी क्या करें: बारकोड मुड़ी हुई जगह या टेप के नीचे न जाए। ShipSeth पर Labels & Manifests से 4x6 या A4 पर छापिए।

शिपिंग लेबल क्या होता है →

पैकिंग (3 प्लाई / 5 प्लाई)

Courier packaging

बाहर का कार्टन और अंदर का भराव, जो माल को हिलने नहीं देते। टूट-फूट के क्लेम पर कूरियर सबसे पहले यही देखता है।

अभी क्या करें: कपड़े-किताब के लिए 3 प्लाई, काँच और भारी माल के लिए 5 प्लाई। डिब्बा जितना बड़ा, वॉल्यूमेट्रिक वज़न उतना ज़्यादा, इसलिए पुराना बड़ा डिब्बा काटकर छोटा कीजिए।

कूरियर के लिए पार्सल कैसे पैक करें →

मना और पाबंदी वाला सामान

Prohibited and restricted items

मना सामान किसी कूरियर से नहीं जाता: नकद, सिक्के, पटाखे, हथियार, नकली माल। पाबंदी वाला (बैटरी, स्प्रे, घी-अचार, गहने) सिर्फ़ उस कूरियर से जाता है जो हाँ कह दे।

अभी क्या करें: डिब्बे में एक भी मना चीज़ हो तो पूरा डिब्बा रुकता है। पैक करने से पहले पूरी लिस्ट जाँचिए, और Order Items में पाबंदी वाली चीज़ का नाम सबसे ऊपर लिखिए।

कूरियर में क्या नहीं भेज सकते →

बुकिंग कैंसिल

Shipment cancellation

पिकअप स्कैन से पहले बुकिंग रद्द करना। AWB उसी वक़्त बेकार हो जाता है और बुकिंग पर कटा पूरा भाड़ा, GST समेत, वॉलेट में तुरंत लौट आता है। पिकअप के बाद पैनल कैंसिल नहीं करता।

अभी क्या करें: Orders की लाइन के तीन बिंदु में Cancel Order दबाइए, फिर छपा लेबल फाड़िए और डिब्बा शाम वाले ढेर से निकाल दीजिए। पुरानी लिस्ट लेकर राइडर आए तो माल मत दीजिए। वही ऑर्डर दोबारा भेजना हो तो Clone & Rebook से नई बुकिंग बनाइए, पुराना AWB दोबारा नहीं चलता।

कूरियर बुकिंग कैसे कैंसिल करें →

मैनिफेस्ट

Pickup manifest

एक पिकअप में कूरियर को दिए गए हर पार्सल के AWB और डिब्बों की सूची, जिस पर राइडर साइन करता है।

अभी क्या करें: राइडर के साइन वाली कॉपी रखिए। यही सबूत है कि माल उसके हाथ में गया। Pickup Manifests पेज से छपती है।

कूरियर पिकअप और मैनिफेस्ट क्या होता है →

पिकअप कट-ऑफ

Pickup cut-off

दिन का वह समय जिसके बाद की बुकिंग का पिकअप अगले कामकाजी दिन होता है।

अभी क्या करें: ShipSeth पर Delhivery का पिकअप उसी दिन और बाक़ी कूरियर का अगले दिन माँगा जाता है। 24 घंटे तक कोई स्कैन न हो, तो पिकअप मिस्ड मानकर पूछिए।

पिकअप न आए तो क्या करें →

पिनकोड सर्विसेबल नहीं

Pincode not serviceable

उस कूरियर का नेटवर्क उस पिनकोड तक नहीं जाता: वहाँ से माल नहीं उठाएगा या वहाँ डिलीवर नहीं करेगा।

अभी क्या करें: यह हर कूरियर का अलग है। दूसरा कूरियर देखिए, या COD की जगह प्रीपेड। Serviceability टैब में हर कूरियर का जवाब अलग दिखता है।

पिनकोड सर्विसेबल नहीं है का मतलब →

मल्टी-पीस शिपमेंट (MPS)

Master AWB, child AWB

एक पाने वाले को एक बुकिंग में दो या ज़्यादा कार्टन। पूरी खेप का एक master AWB, हर कार्टन का अपना child AWB।

अभी क्या करें: ShipSeth पर एक से ज़्यादा डिब्बे की बुकिंग B2B कार्गो में जाती है। डिलीवरी पर कार्टन गिनकर ही POD पर साइन करवाइए।

मल्टी-पीस शिपमेंट (MPS) क्या है →

पिकलिस्ट

Picklist

पैकर की सूची, जिसमें दिन के सारे ऑर्डर का हर SKU और उसकी कुल गिनती होती है, ताकि हर डिज़ाइन रैक से एक बार में उतरे।

अभी क्या करें: लेबल PDF से पिकलिस्ट बनाइए, फिर पैकिंग शुरू कीजिए। WhatsApp वाले ऑर्डर की पिकलिस्ट हिंदी गाइड के टूल में बनती है।

पिकलिस्ट क्या होती है →

थोक माल के भाड़े में कौन से शब्द अलग हैं?

कार्टन और पेटी वाला माल पार्सल के स्लैब से नहीं, किलो के रेट और CFT से बिकता है। यहाँ एक ग़लत चुनाव पूरे महीने के भाड़े पर भारी पड़ता है।

B2B और B2C

B2B vs B2C shipping

B2C ग्राहक को पार्सल है, B2B दुकान या कारोबार को कार्टन और पेटी वाला माल, अपने काग़ज़ों के साथ।

अभी क्या करें: ShipSeth पर एक डिब्बे का गिना जाने वाला वज़न 10 kg या ऊपर हो, तभी कार्गो का कोट भी आता है। दोनों की कुल रक़म देखकर चुनिए।

B2B और B2C शिपिंग में अंतर →

पर-किलो रेट

Per-kg matrix pricing

B2B माल का भाड़ा: भेजने और पाने वाले रीजन की जोड़ी का रुपये-प्रति-किलो रेट, स्लैब नहीं।

अभी क्या करें: छोटे लॉट पर रेट नहीं, बिल्टी का न्यूनतम भाड़ा भारी पड़ता है। एक ही शहर के लॉट जोड़कर भेजिए।

पर-किलो रेट क्या है →

CFT

Cubic feet (6 CFT, 8 CFT)

हर घन फ़ुट माल के लिए कैरियर कितने किलो गिनेगा। 6 CFT में 6 किलो, 8 CFT में 8 किलो।

अभी क्या करें: हल्का और फूला हुआ माल 8 CFT पर भारी पड़ता है। कार्टन का नाप डालकर दोनों प्रोडक्ट के किलो मिलाइए।

CFT क्या होता है →

LTL / PTL / FTL

Less than, part and full truckload

LTL में आपका माल दूसरों के माल के साथ ट्रक में हबों से होकर जाता है, PTL में ट्रक का बड़ा हिस्सा, FTL में पूरा ट्रक सीधा आपके दरवाज़े से पार्टी तक।

अभी क्या करें: कुछ कार्टन हैं तो LTL, ट्रक आधे से ज़्यादा भरता है तो PTL या FTL का भाव लीजिए।

थोक माल कैसे भेजें →

अपॉइंटमेंट डिलीवरी

Appointment delivery, appointment handling

बड़े गोदाम या DC में माल उसी स्लॉट में उतरता है जो वहाँ पहले से बुक हो, PO नंबर के साथ। ट्रांसपोर्टर तब तक कार्टन रोके रखता है और उस घंटे गाड़ी भेजता है, और इसका चार्ज किलो के हिसाब से, एक न्यूनतम के साथ, अलग जोड़ता है।

अभी क्या करें: ShipSeth का B2B कोटेशन सामान्य डिलीवरी मानकर बनता है, इसलिए यह लाइन उसमें नहीं होती। पार्टी से बुकिंग से पहले पूछिए कि उनके गोदाम पर स्लॉट लगता है क्या; लगता हो, तो PO नंबर बिल्टी के साथ भेजिए और न्यूनतम चार्ज अपनी लागत में पहले से जोड़िए, चार कार्टन पर भी।

फ़्रेट सरचार्ज क्या होते हैं: कोटेशन में न दिखने वाले चार्ज →

ग्रीन टैक्स

Green tax (Delhi ECC)

दिल्ली में घुसने वाले हर कमर्शियल ट्रक से बॉर्डर पर Environment Compensation Charge लिया जाता है। ट्रांसपोर्टर उसका हिस्सा आपकी खेप पर किलो के हिसाब से, एक न्यूनतम के साथ, जोड़ता है। खेप पर यह लाइन एक ही बार लगती है।

अभी क्या करें: ShipSeth के B2B कार्ड पर पिकअप या डिलीवरी में से कोई एक पिनकोड दिल्ली का हो, तभी यह लाइन जुड़ती है, और बुकिंग से पहले कोट में दिख जाती है। नोएडा, गुड़गाँव, फ़रीदाबाद या ग़ाज़ियाबाद के पिनकोड पर आज यह नहीं लगती, इसलिए NCR में दो गोदाम हों तो कोट दोनों पिनकोड से निकालकर देखिए।

स्रोत: सुप्रीम कोर्ट का 9 अक्टूबर 2015 का आदेश, जिससे ECC शुरू हुआ (EPCA आर्काइव)

फ़्रेट सरचार्ज क्या होते हैं: ग्रीन टैक्स किस पिनकोड पर लगता है →

बिल्टी का न्यूनतम भाड़ा

Minimum freight per LR, LR minimum

एक बिल्टी पर ट्रांसपोर्टर इससे कम भाड़ा नहीं लेता, माल कितना भी हल्का हो। पहले वज़न का न्यूनतम लगता है: ShipSeth के B2B कार्ड पर 20 kg से कम बिल नहीं होता। फिर भाड़ा और डॉकेट (प्रोसेसिंग) मिलाकर न्यूनतम से कम बने, तो भाड़े की लाइन बढ़ाकर बराबर कर दी जाती है।

अभी क्या करें: उदाहरण (सिर्फ़ समझाने के लिए भाव): ₹10/kg, डॉकेट ₹75, न्यूनतम ₹500। 12 kg का कार्टन 20 kg बिल होगा, ₹200 + ₹75 = ₹275, तो भाड़ा ₹225 बढ़कर जोड़ ₹500 हो जाएगा। 43 kg से ऊपर ही किलो का भाव बिल तय करता है। एक ही पार्टी के हल्के लॉट हफ़्ते में तीन बार भेजते हैं, तो तीन बार न्यूनतम देंगे; दो दिन रुककर एक बिल्टी बनाइए।

पर-किलो रेट क्या है: एक बिल्टी या अलग-अलग का हिसाब →

हैंडलिंग चार्ज

Handling charge, heavy-weight handling

भारी खेप पर किलो के हिसाब से जुड़ने वाली अलग लाइन। रेट कार्ड में वज़न के बैंड लिखे होते हैं, और पूरी बिल्टी का चार्जेबल वज़न तय करता है कि कौन-सा बैंड लगेगा। ShipSeth के Delhivery B2B कार्ड पर 6 CFT में यह किसी भी वज़न पर शून्य है। 8 CFT में 400 kg से शुरू होता है। अपॉइंटमेंट हैंडलिंग और चेक हैंडलिंग अलग लाइनें हैं।

अभी क्या करें: बैंड का रेट पूरे वज़न पर लगता है, सिर्फ़ 400 से ऊपर वाले किलो पर नहीं। उदाहरण (भाव सिर्फ़ समझाने के लिए, ₹2/kg): 395 kg की बिल्टी पर ₹0, 405 kg पर ₹810। दस किलो का फ़र्क़, ₹810 का बिल। फोम, प्लास्टिक क्रेट या पैक कपड़े जैसा फूला माल काँटे पर हल्का दिखकर भी नाप से 400 पार कर जाता है, इसलिए कार्टन नापकर ही कोट देखिए। इस चार्ज से बचने के लिए माल दो बिल्टी में मत तोड़िए। दोनों पर अलग डॉकेट लगेगा।

फ़्रेट सरचार्ज क्या होते हैं: कौन-सी लाइन कब लगती है →

री-अटेम्प्ट चार्ज

Re-attempt charge, redelivery charge

पार्टी ने गेट से गाड़ी लौटा दी और कार्ड की मुफ़्त कोशिशें ख़त्म हो गईं, तो अगली हर कोशिश पर यह लाइन लगती है। बुकिंग के कोटेशन में यह कभी नहीं दिखती, क्योंकि उस वक़्त किसी को नहीं पता कि माल पहली बार में उतरेगा या नहीं। ShipSeth के Delhivery B2B कार्ड पर 6 CFT में दो कोशिशें मुफ़्त हैं, फिर ₹1/kg, कम से कम ₹70। 8 CFT में तीन मुफ़्त, फिर ₹0.30/kg, कम से कम ₹50।

अभी क्या करें: उदाहरण: 150 kg की बिल्टी पर एक और कोशिश 6 CFT में ₹150 की और 8 CFT में ₹50 की पड़ेगी। माल वही, कार्ड अलग। गाड़ी भेजने से पहले पार्टी को एक फ़ोन कीजिए: दुकान उस दिन खुली है या नहीं, स्लॉट बुक करना है या नहीं, टू-पे पार्टी भाड़े पर राज़ी है या नहीं, और बिल्टी पर साइन कौन करेगा। गाड़ी बार-बार लौटी तो माल हब पर पड़ा रहेगा और ऊपर से डेमरेज लगेगा।

फ़्रेट सरचार्ज क्या होते हैं: कोटेशन के बाद लगने वाली लाइनें →

डेमरेज

Demurrage, freight surcharges

डेस्टिनेशन हब पर मुफ़्त दिनों के बाद भी माल पड़ा रहे, तो हर दिन का किराया। यह भाड़े के ऊपर की उन लाइनों में से है जो बुकिंग के कोटेशन में कभी नहीं जुड़तीं।

अभी क्या करें: टू-पे या नई पार्टी को माल भेजने से पहले फ़ोन करके पक्का कीजिए कि उस दिन माल कौन लेगा। एक ही पार्टी के छोटे लॉट एक बिल्टी पर भेजिए, ताकि डॉकेट और न्यूनतम चार्ज एक बार लगें।

फ़्रेट सरचार्ज क्या होते हैं →

एक ही चीज़ को मंडी, कूरियर और ShipSeth अलग-अलग क्या कहते हैं?

ज़्यादातर उलझन नए शब्द से नहीं, एक चीज़ के तीन नाम से होती है। ट्रांसपोर्टर GR नंबर माँगता है, कूरियर का कस्टमर केयर AWB, और दोनों एक ही काम का नंबर है। यह तालिका तीनों नाम एक लाइन में रखती है।

चीज़मंडी / ट्रांसपोर्ट मेंकूरियर कंपनीShipSeth पैनल में
माल का ट्रैकिंग नंबरबिल्टी नंबर, GR नंबरAWB, डॉकेट, CN नंबरAll Orders में AWB कॉलम
माल का लौटनामाल वापसीRTO (Return to Origin)Returns & RTO
डिलीवरी न होने की ख़बरपार्टी ने माल नहीं उठायाNDR, UndeliveredNDR पेज, 48 घंटे की घड़ी के साथ
डिलीवरी का सबूतपावती, दस्तख़त वाली बिल्टीPODशिपमेंट की ट्रैकिंग में Delivered स्कैन
रास्ते के नुक़सान का चार्जबीमा, रिस्कROV, FOVB2B कोट की ROV लाइन
भाड़ा पार्टी देगीटू-पे, भाड़ा बाक़ीTo-Pay, Freight CollectB2B बुकिंग में पेमेंट मोड
ज़्यादा वज़न का बाद वाला बिलवज़न का झगड़ाWeight discrepancy, reweighWeight Reconciliation
पिकअप वाली सूचीमाल की चिट्ठी, हैंडओवरManifestPickup Manifests

एक पार्सल की पूरी यात्रा में ये शब्द किस क्रम में आते हैं?

बुकिंग से COD के पैसे तक सात पड़ाव हैं, और हर पड़ाव के अपने शब्द। किसी शब्द पर अटके हैं, तो पहले यह देखिए कि पार्सल किस पड़ाव पर है।

  1. 01

    बुकिंग चार्जेबल वेट, ज़ोन, ODA, DPH

    Rate Calculator या बुकिंग स्क्रीन पर हर कूरियर का कोट, सरचार्ज की लाइनों समेत। बुक करते ही भाड़ा वॉलेट से कटता है और AWB मिलता है।

  2. 02

    पैकिंग पिकलिस्ट, शिपिंग लेबल

    रैक से माल उतरता है, डिब्बे पर AWB वाला लेबल चिपकता है।

  3. 03

    पिकअप मैनिफेस्ट, कट-ऑफ, फ़र्स्ट माइल

    राइडर मैनिफेस्ट पर साइन करके माल उठाता है। स्टेटस Pickup Scheduled से Picked Up।

  4. 04

    रास्ता In Transit, मिडल माइल, EDD

    हब से हब। EDD इसी दौर में आगे-पीछे हो सकती है।

  5. 05

    दरवाज़ा Out for Delivery, NDR, लास्ट माइल

    कोशिश कामयाब हुई तो Delivered; नहीं तो NDR, और आपके पास 48 घंटे।

  6. 06

    नतीजा POD या RTO

    Delivered के साथ POD; या RTO Initiated से RTO Delivered, वापसी के भाड़े के साथ।

  7. 07

    हिसाब COD रेमिटेंस, वेट डिस्क्रेपेंसी

    COD का पैसा अगले मंगलवार या शुक्रवार। हब पर दोबारा तौला गया हो, तो Weight Reconciliation में लाइन।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

कूरियर के शब्द हिंदी में कहाँ समझें?
इस पेज पर 53 शब्द हैं, हर एक का मतलब और अगला क़दम हिंदी में, और हर शब्द की अलग पूरी गाइड। ऊपर के खोज-डिब्बे में शब्द हिंदी, अंग्रेज़ी या हिंग्लिश में लिखिए, या ट्रैकिंग SMS की पूरी लाइन चिपका दीजिए।
AWB, डॉकेट और बिल्टी नंबर में क्या फ़र्क़ है?
तीनों बुकिंग का नंबर हैं, बस दुनिया अलग है। पार्सल पर कूरियर इसे AWB कहता है, ट्रांसपोर्ट लाइन डॉकेट या बिल्टी (LR, GR) नंबर। कोई भी माँगे, तो वह नंबर दीजिए जो बुकिंग रसीद या लेबल पर छपा है, अपना ऑर्डर नंबर नहीं।
NDR और RTO में क्या फ़र्क़ है?
NDR एक नाकाम कोशिश की रिपोर्ट है, जिस पर आप अभी भी दोबारा डिलीवरी करवा सकते हैं। RTO वह फ़ैसला है कि पार्सल अब आपको लौटेगा। ShipSeth पर NDR के बाद 48 घंटे हैं; जवाब न देने या RTO चुनने पर वापसी शुरू होती है।
RTO और रिवर्स पिकअप एक ही चीज़ हैं?
नहीं। RTO उस पार्सल का लौटना है जो ख़रीदार तक पहुँचा ही नहीं, उसी AWB पर। रिवर्स पिकअप डिलीवर हो चुके माल को ख़रीदार के घर से वापस लाने की नई बुकिंग है, नए AWB और अलग भाड़े के साथ।
क्या यही शब्द अंग्रेज़ी में भी मिलते हैं?
हाँ। अंग्रेज़ी शब्दावली shipseth.com/glossary पर है, 56 शब्दों के साथ, और वहाँ बिल की हर लाइन और हर मुफ़्त टूल का नक़्शा भी है।

रजिस्ट्रेशन मुफ़्त · कोई मासिक फ़ीस नहीं

बुकिंग से पहले हर लाइन देखिए

ShipSeth हर कूरियर का कोट चार्जेबल वेट और सरचार्ज की लाइनों के साथ दिखाता है। प्रीपेड वॉलेट से पैसा तभी कटता है जब आप बुक करते हैं।