डॉकेट नंबर क्या होता है? डॉकेट, AWB और बिल्टी नंबर का फ़र्क़, और कौन-सा नंबर किसे देना है
ट्रांसपोर्टर ने WhatsApp पर चार नंबर भेज दिए, पार्टी फ़ोन पर "डॉकेट नंबर बोलो" कह रही है, और आपको समझ नहीं आ रहा कि इनमें डॉकेट कौन-सा है। यह गाइड बताती है कि डॉकेट असल में क्या है, पार्सल और ट्रक के माल पर इसका मतलब अलग क्यों है, और एक टूल जो नंबर की बनावट देखकर बता देता है कि वह है क्या।
सीधा जवाब
डॉकेट नंबर वह नंबर है जो कूरियर या ट्रांसपोर्टर माल बुक करते ही देता है और जो बुकिंग रसीद पर छपता है। पार्सल पर यही AWB नंबर है। ट्रक से जाने वाले B2B माल पर यही LR या बिल्टी नंबर है। कूरियर से शिकायत या ट्रैकिंग की हर बात इसी नंबर से होती है, आपके ऑर्डर नंबर से नहीं।
डॉकेट नंबर का मतलब क्या है?
डॉकेट कैरियर की अपनी पहचान-संख्या है आपके माल के लिए, और यह नाम उस पर्ची से आया है जिस पर पहले बुकिंग लिखी जाती थी।
पुराने कूरियर काउंटर पर माल देते थे तो क्लर्क एक छपी हुई पर्ची भरता था: भेजने वाला, लेने वाला, कितने नग, कितना वज़न। ऊपर की कॉपी आपको फाड़कर दे दी जाती थी। उस पर्ची को डॉकेट कहते थे, और उस पर छपा सीरियल नंबर डॉकेट नंबर। बाद में बड़ी कंपनियों ने बारकोड वाले लेबल छापने शुरू किए और उसी नंबर को AWB कहने लगीं, पर बाज़ार की ज़ुबान नहीं बदली। चाँदनी चौक या लुधियाना के गिल रोड पर किसी ट्रांसपोर्ट ऑफ़िस में चले जाइए, "AWB" से ज़्यादा "डॉकेट" और "GR" ही सुनाई देगा।
कूरियर कंपनियों के सिस्टम भी यही मानते हैं। ShipSeth जब किसी कूरियर की ट्रैकिंग फ़ीड पढ़ता है, तो कोई नंबर को docketNo कहकर भेजता है, कोई waybill, कोई awb_number। सब एक ही ख़ाने में जाते हैं। नाम अलग, काम एक।
एक बात और। अदालत के केस का भी "डॉकेट नंबर" होता है। उसका शिपिंग से कोई लेना-देना नहीं।
क्या डॉकेट नंबर और AWB नंबर एक ही हैं?
अकेले पार्सल पर हाँ; ट्रक वाले माल पर डॉकेट LR है और AWB उसके नीचे की परत हैं।
| नंबर | एक पार्सल | B2B माल (एक LR) |
|---|---|---|
| डॉकेट / CN | AWB ही डॉकेट है | LR नंबर ही डॉकेट है |
| LR / GR / बिल्टी | होता ही नहीं; जो माँग रहा है, उसे AWB चाहिए | पूरी खेप का एक |
| AWB / वेबिल | एक, लेबल पर | पूरी खेप का एक मास्टर AWB, और हर डिब्बे पर अपना चाइल्ड AWB |
| ई-वे बिल (EWB) | GST का अलग 12 अंकों का नंबर, आम तौर पर ₹50,000 से ऊपर के बिल पर। यह डॉकेट की जगह कभी नहीं चलता। | |
| ऑर्डर नंबर | आपका अपना नंबर। ख़रीदार के काम का, कूरियर डेस्क के नहीं। | |
गड़बड़ ज़्यादातर दाईं तरफ़ वाले कॉलम में होती है। छह डिब्बे की एक खेप में आठ नंबर हो जाते हैं: एक LR, एक मास्टर AWB और छह चाइल्ड AWB। पार्टी को पूरे माल के बारे में पूछना है तो LR दीजिए। सिर्फ़ एक डिब्बा कम आया है तो LR के साथ उस डिब्बे का चाइल्ड AWB। AWB की पूरी परतें AWB नंबर क्या है में हैं, और बिल्टी की तीन कॉपी बिल्टी क्या होती है में।
हाथ में आया नंबर कौन-सा है?
नंबर नीचे डालिए; टूल उसकी लंबाई और बनावट देखकर बताएगा कि वह शायद क्या है, किसे देना है और आगे क्या करना है।
नंबर पहचानिए
WhatsApp या रसीद से नंबर कॉपी करके डालिए। स्पेस और डैश अपने-आप हट जाते हैं। नंबर इसी पेज पर जाँचा जाता है, कहीं भेजा नहीं जाता।
ऊपर कोई नंबर डालिए या एक नमूना दबाइए।
AWB की लंबाई हर कूरियर की अलग होती है, इसलिए टूल लंबाई देखकर कूरियर का नाम नहीं बताता। ऊपर के नमूने बनाए हुए नंबर हैं, किसी असली शिपमेंट या कारोबार के नहीं।
ShipSeth पर डॉकेट नंबर कहाँ मिलेगा?
बुकिंग के बाद ऑर्डर पर, और जो रसीद या लेबल छपता है उस पर।
- पार्सल: AWB लेबल के बारकोड पर है और Orders में ऑर्डर की लाइन पर भी।
- B2B माल: Orders की लिस्ट में ऑर्डर के नीचे "LR:" लिखा दिखेगा। ऑर्डर खोलेंगे तो LR Number का अलग कार्ड है, कॉपी बटन के साथ। मुड़ी-तुड़ी रसीद से पढ़कर टाइप करने के बजाय वहीं से कॉपी कीजिए; एक अंक ग़लत गया तो कैरियर कुछ नहीं ढूँढ पाएगा।
- हर डिब्बा: उसका चाइल्ड AWB उसी डिब्बे के लेबल पर है। पिकअप से पहले हर लेबल की फ़ोटो रख लीजिए, यह आदत कम-डिलीवरी के झगड़े में सबसे ज़्यादा काम आती है।
ShipSeth की हर रसीद तीन कॉपी में छपती है: Consignor Copy, Consignee Copy और POD · Carrier Copy। माल की बुकिंग पर उसका शीर्षक Lorry Receipt · Consignment Note होता है, और उस पर बारकोड सिर्फ़ एक है, LR नंबर का। मास्टर AWB उस पर सिर्फ़ लिखा होता है, बारकोड में नहीं। यह जानबूझकर किया गया है: दो बारकोड साथ छपते थे तो हब का स्कैनर कभी-कभी ग़लत वाला पढ़ लेता था।
अगर आपने किसी काउंटर पर जाकर बुकिंग की है, तो डॉकेट नंबर उस पर्ची का छपा सीरियल है जो आपको मिली। काउंटर छोड़ने से पहले उसकी फ़ोटो खींच लीजिए। थर्मल पर्ची दो हफ़्ते में फीकी पड़ जाती है।
उदाहरण: लुधियाना से पटना, छह डिब्बे हौज़री
सिर्फ़ उदाहरण। नीचे के सारे नंबर बनाए हुए हैं, ताकि दिखे कि कौन-सा नंबर कहाँ जाता है।
लुधियाना का एक हौज़री कारोबारी पटना के एक थोक दुकानदार को सर्दी के माल के छह कार्टन भेजता है, ShipSeth पर एक B2B बुकिंग में। बिल ₹2,10,000 का है और माल पंजाब से बिहार जा रहा है, इसलिए ई-वे बिल ज़रूरी है।
LR 400765432 · मास्टर AWB 900000000024 · छह डिब्बों पर छह चाइल्ड AWB · 12 अंकों का EWB · बिल नंबर INV/0412
पहला दिन: कारोबारी ये पाँचों चीज़ें पटना वाले को WhatsApp कर देता है। यहीं से उलझन शुरू होती है, क्योंकि पाँच में से डॉकेट सिर्फ़ एक है।
तीसरा दिन: पटना से फ़ोन: "डॉकेट नंबर बताइए, माल कहाँ पहुँचा?" जवाब है LR, 400765432। यह सभी छह कार्टन को ढकता है और कैरियर की डिलीवरी कॉपी पर भी यही है।
पाँचवाँ दिन: माल आया, पर एक कार्टन फटा हुआ है। दुकानदार POD कॉपी पर साइन करने से पहले लिखता है "6 में से 1 डिब्बा फटा"। शिकायत अब LR और उस एक डिब्बे के चाइल्ड AWB के साथ जाती है, क्योंकि हब ने उसी चाइल्ड AWB को स्कैन किया था और उसी से पता चलता है कि डिब्बा कहाँ ख़राब हुआ।
महीने के आख़िर में: दुकानदार का मुनीम ख़रीद की एंट्री के लिए "GR नंबर" माँगता है। फिर वही LR।
ग़ौर कीजिए कि किसी ने EWB नंबर से माल नहीं ढूँढा। वह GST के लिए माल के साथ चलता है, रास्ते में अधिकारी रोके तो दिखाया जाता है, पर कोई कैरियर उससे खेप नहीं ढूँढता। EWB कब ज़रूरी है, यह ई-वे बिल क्या है में है।
डॉकेट नंबर से ट्रैकिंग कैसे करें?
पार्सल का AWB ट्रैकर में डालिए; B2B माल को मास्टर AWB से ट्रैक कीजिए और कैरियर से बात LR से।
- पहले तय कीजिए कि खेप किस चीज़ की है। एक पार्सल है तो उसका AWB ही सब कुछ है। ट्रक वाला माल है तो LR और मास्टर AWB दोनों निकाल लीजिए।
- ShipSeth ट्रैकर खोलिए। वहाँ AWB या ShipSeth का 9 अंक वाला ट्रैकिंग नंबर डालिए। ट्रैकर LR नंबर नहीं ढूँढता, इसलिए माल के लिए मास्टर AWB डालिए।
- स्टेटस पढ़िए। हर स्कैन की जगह और समय दिखता है। अगर कई दिन से एक ही हब पर अटका है, तो कूरियर से बात करने का समय आ गया है।
- कैरियर को फ़ोन कीजिए तो डॉकेट से शुरू कीजिए। पार्सल पर AWB, माल पर LR। एक डिब्बे की बात है तो उसका चाइल्ड AWB भी।
AWB ही खो गया हो, तो उसे और कहाँ ढूँढें, यह बिना AWB ट्रैकिंग वाली गाइड (अंग्रेज़ी) में है।
डॉकेट चार्ज क्या होता है?
डॉकेट चार्ज हर बुकिंग रसीद पर लगने वाली एक तय रक़म है, माल का वज़न चाहे पाँच किलो हो या पाँच सौ।
B2B रेट शीट में किलो के रेट के साथ कुछ लाइनें ऐसी भी होती हैं जो हर LR पर एक बार लगती हैं। ShipSeth के कोट में ये अलग-अलग "प्रति-LR" लाइन बनकर दिखती हैं (Processing सबसे आम है), बुकिंग से पहले। असली बात "प्रति" शब्द में है। एक हफ़्ते का माल एक ही शहर को पाँच LR में भेजिए, तो ये लाइनें पाँच बार लगेंगी। ऊपर से हर छोटा LR 20 किलो के न्यूनतम वज़न के नीचे गिर सकता है, और तब आप उस वज़न का भाड़ा भरते हैं जो भेजा ही नहीं।
हमारी सलाह सीधी है: एक ही पार्टी या एक ही कस्बे का माल हो, तो दो-तीन दिन रुककर एक LR में भेजिए। हफ़्ते में किस शहर को कितनी बार माल भेजना फ़ायदे का है, इसका प्लानर डिस्ट्रीब्यूटर वाली गाइड (अंग्रेज़ी) में है।
कूरियर मेरे ऑर्डर नंबर से शिपमेंट क्यों नहीं ढूँढ पाता?
क्योंकि ऑर्डर नंबर आपका है, और कूरियर का सिस्टम सिर्फ़ अपने दिए डॉकेट से चलता है।
Meesho, Amazon या आपकी Shopify वेबसाइट का "#1047" किसी Delhivery या DTDC हब के लिए कुछ नहीं है। उनके पास वही नंबर है जो उन्होंने ख़ुद दिया। तो डिस्पैच टेबल पर बैठे हर आदमी के लिए नियम एक लाइन का है: फ़ोन पर कूरियर है तो डॉकेट (पार्सल का AWB, माल का LR); फ़ोन पर ख़रीदार है तो ऑर्डर नंबर और ट्रैकिंग लिंक।
पार्सल और माल, एक ही डैशबोर्ड पर
हर डॉकेट, LR और AWB एक जगह
रजिस्ट्रेशन मुफ़्त, कोई मासिक फ़ीस नहीं। बुक करने से पहले कूरियर के लाइव रेट मिलाइए, प्रीपेड वॉलेट से हर शिपमेंट का भुगतान कीजिए, और किसी भी खेप के सारे नंबर उसके ऑर्डर पर पाइए।