POD क्या होता है कूरियर में? डिलीवरी का सबूत, और यह कैसे परखें कि सबूत पक्का है या नहीं
ट्रैकिंग पर Delivered लिखा है और ग्राहक कह रहा है "कुछ नहीं आया"। दोनों में सच कौन बोल रहा है, इसका फ़ैसला POD से होता है। पर हर POD एक-सा नहीं होता। राइडर के फ़ोन पर किया एक टेढ़ा दस्तख़त और ग्राहक के फ़ोन पर आया OTP, दोनों POD कहलाते हैं, और दोनों में ज़मीन-आसमान का फ़र्क़ है।
सीधा जवाब
POD यानी Proof of Delivery, डिलीवरी का सबूत। पार्सल में यह कूरियर का Delivered स्कैन है, साथ में दरवाज़े पर दर्ज नाम, दस्तख़त, फ़ोटो या OTP। B2B माल में यह बिल्टी की POD कॉपी है, जिस पर ख़रीदार दस्तख़त और मुहर लगाता है। ग्राहक कहे "नहीं मिला", तो सबसे पहले यही माँगिए।
POD का मतलब क्या है?
POD वह रिकॉर्ड है जो बताता है कि माल किसके हाथ में, कब और कहाँ पहुँचा।
कूरियर कंपनी के लिए Delivered का स्टेटस डाल देना आसान है। POD उस स्टेटस के पीछे का सबूत है। आज के ज़्यादातर पार्सल में कोई कागज़ नहीं होता: राइडर अपने ऐप में डिलीवरी बंद करता है, और उसी समय जो कुछ ऐप माँगता है (OTP, फ़ोटो, नाम, या उँगली से दस्तख़त), वही POD बनता है। कौन-सा कूरियर क्या माँगता है, यह उसके ऐप पर है, आपके हाथ में नहीं।
थोक माल यानी B2B में कहानी पुरानी वाली है, कागज़ की। ShipSeth पर B2B बुकिंग की बिल्टी (LR) तीन कॉपी में छपती है: Consignor Copy, Consignee Copy और POD · Carrier Copy। तीसरी कॉपी माल के साथ जाती है, ख़रीदार उस पर दस्तख़त करता है और कैरियर उसे वापस ले जाता है। तीनों कॉपी किसके पास रहती हैं, यह बिल्टी क्या होती है में है।
कौन-सा POD कितना पक्का है?
OTP सबसे पक्का है, सिर्फ़ नाम या स्कैन सबसे कमज़ोर।
| सबूत | क्या होता है | कितना काम का |
|---|---|---|
| OTP | ग्राहक के फ़ोन पर आया कोड, जो उसने राइडर को बताया | सबसे मज़बूत। बिना कोड डिलीवरी बंद नहीं होती। |
| दरवाज़े का फ़ोटो + लोकेशन | पार्सल का फ़ोटो और Delivered के समय राइडर की GPS लोकेशन | मज़बूत, अगर लोकेशन पते से मिलती हो |
| फ़ोन पर दस्तख़त | राइडर के फ़ोन की स्क्रीन पर उँगली से किया दस्तख़त | कमज़ोर। कोई भी कर सकता है। |
| लेने वाले का नाम | "Self", "Mother", "Guard" जैसा नाम जो राइडर ऐप में भरता है | कमज़ोर, जब तक उस नाम का कोई सच में न हो |
| सिर्फ़ Delivered स्कैन | तारीख़, समय और डिलीवरी सेंटर का नाम | POD नहीं, बस स्टेटस |
| बिल्टी की POD कॉपी | B2B माल पर दस्तख़त और मुहर वाली कागज़ी कॉपी, जिस पर All okay या कमी का ख़ाना टिक होता है | B2B में सबसे पक्का, और जो लिखा है वही माना जाता है |
नाम वाली लाइन पर ध्यान दीजिए। राइडर के ऐप में "Received by" का ख़ाना वही भरता है। जिस दिन उसे बीस पार्सल और बाँटने हों, उस दिन "Self" लिखकर आगे बढ़ जाना सबसे आसान काम है। इसलिए नाम या दस्तख़त वाला POD आए तो ग्राहक से उस नाम के बारे में पूछिए, पर उसे आख़िरी सबूत मत मानिए।
कूरियर ने जो POD भेजा, वह काफ़ी है या नहीं?
यह इस पर टिका है कि शिकायत क्या है और सबूत में क्या-क्या है। नीचे भरिए; टूल बताएगा कि POD कितना मज़बूत है, अगला क़दम क्या है और दावे की आख़िरी तारीख़ कौन-सी है।
POD की जाँच
जो सबूत कूरियर ने सच में दिखाया है, सिर्फ़ उसी पर निशान लगाइए। सब कुछ इसी पेज पर होता है, कुछ भी कहीं भेजा नहीं जाता।
तारीख़ें ShipSeth की रिफ़ंड पॉलिसी से हैं: टूटा माल डिलीवरी के 7 दिन के अंदर, खोया माल EDD के 15 दिन के अंदर। ₹5,000 की सीमा शर्तों में लिखी है। B2B में ओनर्स रिस्क और कैरियर्स रिस्क का हिसाब इस अंग्रेज़ी गाइड में है।
ShipSeth पर POD कहाँ देखें?
Delivered स्कैन ऑर्डर में ही है; दस्तख़त, फ़ोटो और OTP का रिकॉर्ड सपोर्ट कूरियर से मँगवाता है।
- स्कैन देखिए। ऑर्डर खोलिए और Courier scan history में All scans चुनिए। आख़िरी लाइन में Delivered की तारीख़, समय और डिलीवरी सेंटर का नाम होता है। यह जगह ग्राहक के शहर की है या नहीं, यह आधा फ़ैसला यहीं कर देता है।
- ग्राहक से एक सवाल पूछिए। उस समय घर, दुकान या ऑफ़िस पर कौन था? गार्ड का रजिस्टर, पड़ोसी, रिसेप्शन। बहुत से मामले यहीं ख़त्म हो जाते हैं, और सपोर्ट भी सबसे पहले यही पूछेगा।
- सपोर्ट से POD माँगिए। AWB, स्कैन जैसा दिख रहा है, इनवॉइस की कॉपी और ग्राहक ने क्या कहा, सब एक मैसेज में भेजिए। ShipSeth कूरियर के फ़ोटो या दस्तख़त अपने पास नहीं रखता, इसलिए टीम कूरियर से माँगती है।
- 48 घंटे रुककर दोबारा देखिए। कुछ कूरियर डिलीवरी के बाद फ़ोटो या सुधार वाला स्कैन देर से डालते हैं। ShipSeth डिलीवर हुए शिपमेंट की ट्रैकिंग 48 घंटे तक खींचता रहता है, तो कभी-कभी Delivered के बाद नया स्कैन ख़ुद आ जाता है।
जिस पार्सल का Delivered स्कैन EDD से पहले का हो, उसमें भी दावे की घड़ी EDD से गिनी जाती है, स्कैन की तारीख़ से नहीं। पर ग्राहक अक्सर तीन-चार दिन बाद बताता है, तो इंतज़ार मत कीजिए। EDD कैसे तय होती है, यह EDD वाली गाइड में है।
RTO Delivered दिख रहा है पर माल मेरे पास नहीं आया, तो?
तब POD आपको ही चाहिए, क्योंकि इस बार लेने वाला आपका गोदाम था।
RTO में पार्सल उसी AWB पर आपके पते पर लौटता है, और कूरियर वहाँ भी डिलीवरी बंद करता है। पहले अपने गेट पर पूछिए: किसने पार्सल लिया, किस रजिस्टर में चढ़ा। बड़े गोदामों में लौटा माल अक्सर किसी कोने के ढेर में मिल जाता है। वहाँ न मिले तो AWB सपोर्ट को भेजिए। ShipSeth की ऑप्स टीम ऐसे मामले को RTO not received नाम से अलग खोलती है, और उसका पहला क़दम कूरियर से वापसी का POD माँगना है। RTO के चार्ज और लौटे पार्सल का पूरा रास्ता RTO क्या है में लिखा है।
बिल्टी वाले माल में POD पर क्या लिखें?
जो गिना, वही लिखिए, और लिखने के बाद ही दस्तख़त कीजिए।
POD · Carrier Copy पर "received in good condition" के नीचे चार ख़ाने हैं: All okay, Short Box, Damaged Content और Items Missing। शाम सात बजे, जब गाड़ी शटर पर खड़ी हो और ड्राइवर कहे "सब ठीक है, साइन कर दो", तब सबसे आसान काम All okay टिक करना है। और यही सबसे महँगी ग़लती है। उस एक निशान के बाद कमी साबित करना लगभग नामुमकिन हो जाता है, क्योंकि आपकी अपनी लिखावट कह रही है कि माल पूरा मिला।
"बिल्टी पर 30, उतरे 28, 2 कम, 1 कार्टन दबा हुआ", ऐसी एक लाइन लिखिए। जिस कार्टन का टेप कटा हो, उसका बॉक्स AWB भी लिख दीजिए; उसी से पता चलता है कि वह किस हब से गुज़रा। फिर गाड़ी जाने से पहले POD कॉपी का फ़ोटो अपने फ़ोन में ले लीजिए। गिनती डालने पर लिखने वाली लाइन बनाने का टूल अंग्रेज़ी LR गाइड में है।
उदाहरण: लुधियाना से इंदौर गई ऊनी शॉलें
सिर्फ़ उदाहरण। नाम, गिनती और रुपये बनाए हुए हैं, किसी असली शिपमेंट के नहीं।
लुधियाना के एक होज़री विक्रेता ने इंदौर के एक डीलर को B2B में 30 कार्टन शॉलें भेजीं, ₹1,80,000 का इनवॉइस, ओनर्स रिस्क पर। दो दिन बाद डीलर का फ़ोन आया: "28 ही आए।"
बिल्टी पर 30 कार्टन · POD कॉपी पर दस्तख़त और मुहर · टिक: All okay
टूल क्या कहता है: "दावा कमज़ोर है।" डीलर के मुनीम ने लिखकर माना कि 30 पूरे मिले। कूरियर के पास उसका दस्तख़त है, विक्रेता के पास सिर्फ़ डीलर की बात।
अगर उसी शाम लिखा होता "30 में से 28 मिले, 2 कम", Short Box टिक करके, तो वही POD कॉपी विक्रेता का सबसे बड़ा सबूत बनती। ओनर्स रिस्क में भी कैरियर से कमी का हिसाब माँगने का आधार वही कॉपी है।
सबक़: पहली खेप भेजने से पहले हर नए डीलर को फ़ोन पर बस इतना बताइए: गिनकर साइन करना, और कमी हो तो वहीं लिखना।
COD ऑर्डर पर "नहीं मिला" आए तो पैसे का क्या?
ग्राहक को कुछ लौटाना नहीं है; जिसे पार्सल नहीं मिला, उसने नक़द भी नहीं दिया।
Delivered स्कैन का मतलब है कि कूरियर ने अपने रिकॉर्ड में नक़द वसूला दिखाया। वह ऑर्डर आपकी अगली COD रेमिटेंस में आना चाहिए, जो हफ़्ते में दो बार, हर मंगलवार और शुक्रवार आती है। अगर स्कैन ग़लत है, तो पैसा राइडर की जेब और कूरियर के बीच का मामला है, आपका नहीं। प्रीपेड ऑर्डर अलग है: वहाँ ग्राहक पैसे दे चुका है, और आपको तय करना है कि कूरियर का जवाब आने तक रुकें या दोबारा भेज दें। किस ऑर्डर का पैसा किस दिन आया, यह COD कैसे काम करता है में है।
ट्रैकिंग, बिल्टी और सपोर्ट एक ही जगह
हर शिपमेंट का पूरा स्कैन इतिहास, एक ही स्क्रीन पर
रजिस्ट्रेशन मुफ़्त, कोई मासिक फ़ीस नहीं। हर कूरियर का रेट बुक करने से पहले दिखता है, और प्रीपेड वॉलेट से हर शिपमेंट का भुगतान होता है।