← Shipping Guideडिलीवरी और NDR

कूरियर में पार्सल टूटा आया? डैमेज क्लेम कैसे करें, और पहले घंटे में ख़रीदार से क्या कहें

ख़रीदार का WhatsApp आता है: "मूर्ति का हाथ टूटा हुआ है।" साथ में रसोई की स्लैब पर रखी एक फ़ोटो। उसी पल तय हो जाता है कि क्लेम बनेगा या नहीं, क्योंकि अगले आधे घंटे में डिब्बा कचरे में जा सकता है। आपका पहला जवाब रिफ़ंड के बारे में नहीं, डिब्बे के बारे में होना चाहिए।

📦
ShipSeth Research Desk
Delhi, India · Updated 5 नवंबर 2026

सीधा जवाब

टूटा पार्सल पहुँचे तो डिलीवरी के 7 दिन के अंदर ShipSeth सपोर्ट ([email protected]) को AWB, बिल की कॉपी, डिब्बा खोलने का वीडियो और डिब्बे व टूटे सामान की फ़ोटो भेजिए। सपोर्ट कूरियर के पास क्लेम डालता है। बिना इंश्योरेंस के ज़्यादा से ज़्यादा बिल की क़ीमत या ₹5,000, जो कम हो, मिलता है।

पार्सल टूटा आए तो सबसे पहले क्या करें?

ख़रीदार से कहिए कि डिब्बा न फेंके। बाक़ी सब एक घंटा रुक सकता है, बाहर का डिब्बा और उसकी भराई नहीं रुक सकती।

कूरियर का क्लेम डेस्क टूटा सामान बाद में देखता है, पहले बाहर का डिब्बा। डिब्बा दबा है, फटा है या उसका टेप दोबारा लगा है, तो नुक़सान रास्ते में हुआ। डिब्बा ठीक है और अंदर सामान टूटा है, तो कूरियर कहेगा कि पैकिंग में कमी थी। दोनों बातें डिब्बा ही बताता है, इसलिए डिब्बा गया तो आपकी बात भी गई।

  1. पहला मैसेज: "डिब्बा, टेप, बबल रैप, सब रखिए।" रिफ़ंड या बदलने की बात इसके बाद।
  2. डिब्बा अभी बंद है? तो खोलते हुए एक ही वीडियो, लेबल से शुरू करके। बीच में कटा वीडियो कूरियर सबसे पहले पकड़ता है।
  3. खुल चुका है? तो डिब्बे की हर तरफ़ की फ़ोटो, एक में लेबल पढ़ा जाए, और टूटा सामान उसी पैकिंग के बग़ल में।
  4. अपना बिल निकालिए। क्लेम उसी क़ीमत पर बनता है जो आपने बुकिंग में डाली थी, बिल उससे मेल खाना चाहिए।
  5. डिलीवरी की तारीख़ देखिए। All Orders में उस ऑर्डर की स्कैन हिस्ट्री में है। 7 दिन वहीं से गिने जाते हैं, ख़रीदार के मैसेज वाले दिन से नहीं।

अभी रिवर्स पिकअप मत बुक कीजिए। नया पिकअप एक नई शिपमेंट है, और कूरियर को कहने का मौक़ा मिल जाता है कि सामान वापसी में टूटा। सबूत सपोर्ट तक पहुँचने के बाद तय कीजिए कि माल का क्या करना है।

ख़रीदार को क्या मैसेज भेजें?

वह जो उसकी हालत से मेल खाए: राइडर अभी दरवाज़े पर है, डिब्बा बंद रखा है, या खुल चुका है। तीनों में माँगने वाली चीज़ अलग है।

नीचे भरिए। टूल हिंदी में ख़रीदार का WhatsApp मैसेज लिख देता है, क्लेम की आख़िरी तारीख़ बताता है, और यह भी कि क्लेम ज़्यादा से ज़्यादा कितना दे सकता है और कितना आपकी जेब से जाएगा।

क्लेम की आख़िरी तारीख़

11 नवंबर 2026, बुधवार

6 दिन बाक़ी

क्लेम ज़्यादा से ज़्यादा

₹5,000

बिल की क़ीमत या ₹5,000, जो कम हो

पक्का आपकी जेब से

₹7,000

पूरा क्लेम मंज़ूर हो, तब भी इतना नहीं मिलेगा

वीडियो या फ़ोटो आते ही [email protected] पर "Damage claim" विषय से ईमेल कीजिए: AWB, डिलीवरी की तारीख़, बिल की कॉपी और सारे सबूत एक ही ईमेल में। ईमेल का पूरा ढाँचा अंग्रेज़ी गाइड का चेकर बना देता है।

नमस्ते रश्मि जी,
पीतल की मूर्ति वाला डिब्बा अभी मत खोलिए। खोलते समय एक ही वीडियो बनाइए, बीच में बंद किए बिना:
1. पहले डिब्बे पर चिपका लेबल, ताकि AWB नंबर पढ़ा जा सके
2. फिर डिब्बे की चारों तरफ़, ऊपर और नीचे
3. फिर टेप काटना और सामान निकालना
वीडियो और डिब्बा, टेप, बबल रैप सब संभालकर रखिए, कुछ भी फेंकिएगा नहीं। वीडियो मिलते ही हम आगे बात करते हैं।

तीनों उदाहरण टूल समझाने के लिए बनाए गए हैं, ये ShipSeth के असली केस नहीं हैं। 7 दिन की सीमा ShipSeth की रिफ़ंड पॉलिसी से और ₹5,000 की सीमा शर्तों से है। क्लेम में असल में कितना मिलेगा, यह कूरियर अपनी जाँच के बाद तय करता है। सपोर्ट को भेजा जाने वाला अंग्रेज़ी ईमेल और सबूत की जाँच English guide के damage check में है।

डैमेज क्लेम कितने दिन में करना होता है?

डिलीवरी से 7 दिन में। ShipSeth पर यह सबसे छोटी सीमा है, क्योंकि टूट-फूट डिब्बा खुलते ही दिख जाती है।

हर तरह की शिकायत की घड़ी अलग है। सबसे आम ग़लती यह है कि टूटे माल को खोया माल समझकर 15 दिन मान लिया जाए। माल पूरी तरह बेकार हो, तब भी अगर वह डिलीवर हुआ है, तो यह डैमेज है और 7 दिन ही हैं।

क्या हुआघड़ीसपोर्ट को क्या चाहिए
पार्सल टूटा या ख़राब पहुँचाडिलीवरी से 7 दिनAWB, बिल की कॉपी, खोलने का वीडियो, डिब्बे और सामान की फ़ोटो
पार्सल खो गया, आगे नहीं बढ़ रहाअनुमानित डिलीवरी की तारीख़ से 15 दिनAWB, बिल की कॉपी, भेजते समय की पैकिंग फ़ोटो हो तो
Delivered दिखा, ख़रीदार को कुछ नहीं मिलाखोया माना जाता है: अनुमानित डिलीवरी से 15 दिनAWB, Delivered स्कैन, ख़रीदार क्या कह रहा है, बिल
लौटा (RTO) माल टूटा आयाRTO डिलीवर होने के दिन से 7 दिन मानकर चलिएआपका अपना खोलने का वीडियो, लेबल से शुरू

पहली तीन लाइनें ShipSeth की रिफ़ंड पॉलिसी से हैं। Delivered दिखे और माल न मिले, तो POD क्या होता है वाली गाइड से पहले डिलीवरी का सबूत माँगिए।

डैमेज क्लेम में कितना पैसा मिलता है?

बिना इंश्योरेंस के, बिल की क़ीमत या ₹5,000 में से जो कम हो, उससे ज़्यादा नहीं। और उतना भी तब, जब कूरियर अपनी जाँच में नुक़सान को अपना माने।

उदाहरण के लिए मुरादाबाद से भेजी ₹12,000 की पीतल की मूर्ति लीजिए। वीडियो साफ़ है, डिब्बा पिचका है, कूरियर पूरा नुक़सान मान भी ले, तो क्लेम ₹5,000 पर रुकेगा। बाक़ी ₹7,000 आपका घाटा है। ऐसे माल पर बुकिंग के समय ही फ़ैसला होता है: Create Shipment में बिल की रक़म भरने के बाद Owner Risk वाला बटन दिखता है, जो पहले से "You bear the risk" पर रहता है। इसे Carrier Risk पर करने से बीमा आपकी बिल की रक़म के हिसाब से चलता है। इसका ख़र्च और फ़ायदा ओनर रिस्क और कैरियर रिस्क वाली गाइड में है।

दो चीज़ें क्लेम कभी नहीं देता। एक, माल के आसपास का नुक़सान: छूटी बिक्री, विज्ञापन का ख़र्च, मार्केटप्लेस की पेनल्टी, ख़राब रिव्यू। ShipSeth की शर्तें इसे साफ़ बाहर रखती हैं। दूसरा, वह क़ीमत जो आपने बताई ही नहीं। बुकिंग फ़ॉर्म ₹0 बिल पर कूरियर चुनने ही नहीं देता, और भाड़ा कम दिखाने के लिए ₹3,000 के माल पर ₹500 लिखा, तो क्लेम भी ₹500 से ऊपर नहीं जाएगा।

ख़रीदार दरवाज़े पर ही टूटा डिब्बा देखे तो क्या करे?

पार्सल न ले। बाहर से पिचका, फटा या गीला डिब्बा लौटाना, उसे लेकर बाद में शिकायत करने से कहीं आसान केस है।

ख़रीदार मना करे या राइडर "shipment damaged" लिख दे, तो यह आपके पास NDR बनकर आता है। ShipSeth ऐसे रिमार्क को ख़रीदार की नहीं, कूरियर की तरफ़ की वजह मानता है। NDR Management में Re-attempt Delivery मत चुनिए; वही पिचका डिब्बा दोबारा भेजने से बस एक और नाकाम कोशिश जुड़ती है। Return to Origin (RTO) चुनिए। NDR पर 48 घंटे की घड़ी चलती है, उसकी पूरी बात NDR क्या होता है में है।

COD ऑर्डर में मना करने वाले ख़रीदार का एक रुपया नहीं गया, इसलिए उससे बहस की ज़रूरत नहीं, बस नया माल भेजने की बात कीजिए। लौटा डिब्बा जब आपके पिकअप पॉइंट पर पहुँचे, तो उसे भी वीडियो बनाते हुए खोलिए और उसी दिन से 7 दिन गिनिए। RTO क्या है में बताया है कि वापसी का भाड़ा वॉलेट से कैसे कटता है।

जिस COD ऑर्डर का पैसा ख़रीदार ने दे दिया और टूट-फूट राइडर के जाने के बाद दिखी, उसका पैसा मंगलवार या शुक्रवार के COD रेमिटेंस में आपके पास आएगा ही। ख़रीदार को बदले में माल देना या पैसा लौटाना आपके और उसके बीच की बात है; सबूत अच्छे हों तो कूरियर के जवाब के इंतज़ार में ख़रीदार को मत लटकाइए।

कौन-से डैमेज क्लेम ख़ारिज हो जाते हैं?

जिनमें पैकिंग, काग़ज़ या तारीख़ कूरियर को आसान "ना" दे देती है। माल टूटा है, इस पर कम ही बहस होती है।

वजहजैसेअगली बार
पैकिंग कमज़ोर थीकाँच की बोतल सिर्फ़ पॉली बैग में, बिना भराई केचारों तरफ़ भराई, ऐसा डिब्बा जो बीच से दबाने पर न मुड़े
माल का नाम ग़लत लिखाफ़िरोज़ाबाद की काँच की चूड़ियाँ "Fashion accessories" लिखकर बुक कींबुकिंग में वही लिखिए जो डिब्बे में है
बिल की क़ीमत कम दिखाई₹3,000 का सूट ₹500 का दिखायाक्लेम उसी रक़म तक जाता है जो बुकिंग में डाली
देर से बतायानौवें दिन ईमेलजिस दिन ख़रीदार बताए, उसी दिन सबूत माँगिए
बाहर के डिब्बे का कोई सबूत नहींरसोई की स्लैब पर टूटे सामान की एक फ़ोटो, डिब्बा कचरे मेंपहले मैसेज में ही "डिब्बा मत फेंकिए" लिखिए

इनके अलावा वह माल जिसे कूरियर ले जाता ही नहीं, जैसे कुछ तरल, एयरोसोल और बैटरी वाले सामान। ऐसा माल किसी कूरियर से बुक कराया जिसने उसे मंज़ूर नहीं किया था, तो वह कवर नहीं है।

पैकिंग कैसी हो कि क्लेम टिके, और भाड़ा भी न बढ़े?

ऐसी कि आपको साबित करना पड़े तो कर सकें: सामान डिब्बे की दीवार को न छुए, डिब्बा बीच से दबाने पर न मुड़े, और टेप लगाने से पहले एक फ़ोटो हो।

पर हर सेंटीमीटर भराई वॉल्यूमेट्रिक वज़न में जुड़ती है। उदाहरण: 25 × 20 × 15 cm का डिब्बा B2C पार्सल कार्ड के 5,000 वाले भाग से 1.5 kg वॉल्यूमेट्रिक है (25 × 20 × 15 ÷ 5,000)। हर तरफ़ 3 cm बबल लपेटिए तो डिब्बा 31 × 26 × 21 cm हो जाता है, यानी 3.39 kg, जो 500 ग्राम के स्लैब में 3.5 kg का बिल बनेगा। कपड़े और किताबों को इतनी भराई नहीं चाहिए, उन्हें बस सूखा रखना है। खुर्जा की क्रॉकरी, फ़िरोज़ाबाद का काँच या स्क्रीन वाला सामान हो, तो भराई पर कंजूसी मत कीजिए। पैक डिब्बा किस स्लैब में गिरेगा, यह चार्जेबल वेट वाली गाइड का टूल बताता है।

तीन आदतें काम की हैं। सीम पर टेप H की शक्ल में दो परत, ताकि कोई काटे तो साफ़ दिखे। "Fragile" स्टिकर लगाइए, पर उससे सॉर्टिंग बेल्ट पर डिब्बे के साथ बर्ताव नहीं बदलता, वह पैकिंग से बदलता है। और भेजने के दिन की फ़ोटो फ़ोन में दो हफ़्ते रखिए; यही फ़ोटो वेट डिस्क्रेपेंसी के झगड़े में भी काम आती है।

बिल्टी वाले थोक माल में क्या अलग है?

पाने वाले की POD कॉपी पर लिखी टिप्पणी। बिल्टी वाले माल में कंसाइनी उतारते समय POD कॉपी पर दस्तख़त करता है, और नुक़सान उसी पल लिखा जाना चाहिए।

लुधियाना का डिस्ट्रीब्यूटर बीस में से दो पेटियाँ पिचकी पाए, तो दस्तख़त से पहले POD पर लिखे "2 पेटी डैमेज, माल टूटा", साफ़ दस्तख़त करके घंटे भर बाद फ़ोन न करे। पेटी पर LR नंबर दिखते हुए फ़ोटो भी माँगिए। साफ़ दस्तख़त वाली POD कूरियर का सबसे मज़बूत बचाव है। कई कार्टन वाली बुकिंग में एक कार्टन का क्लेम कैसे बनता है, यह मल्टी-पीस शिपमेंट वाली गाइड में है।

बिल की क़ीमत और रिस्क, बुकिंग पर ही

बुक करने से पहले हर कूरियर का रेट देखिए

रजिस्ट्रेशन मुफ़्त, कोई मासिक फ़ीस नहीं। बुकिंग से पहले हर कूरियर का रेट दिखता है, और भुगतान प्रीपेड वॉलेट से हर शिपमेंट पर।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

कूरियर में पार्सल टूटा आए तो कितने दिन में क्लेम करना होता है?
ShipSeth पर डिलीवरी के 7 दिन के अंदर। [email protected] पर AWB, बिल की कॉपी, डिब्बा खोलने का वीडियो और डिब्बे व टूटे सामान की फ़ोटो भेजिए। RTO में लौटा माल टूटा हो, तो RTO डिलीवर होने के दिन से गिनिए।
डैमेज क्लेम में कितना पैसा मिलता है?
ज़्यादा से ज़्यादा बिल की घोषित क़ीमत या ₹5,000, जो भी कम हो, अगर बुकिंग पर इंश्योरेंस या कैरियर रिस्क नहीं लिया था। असल में उतना मिलता है जितना कूरियर अपनी जाँच के बाद मानता और चुकाता है; ShipSeth वही आपको आगे देता है।
क्या अनबॉक्सिंग वीडियो ज़रूरी है?
ShipSeth की माँगी गई चीज़ों की सूची में वीडियो है, और कूरियर इसी पर सबसे कम बहस करता है। डिब्बा खुल चुका हो, तो बाहर के डिब्बे की हर तरफ़ की और टूटे सामान की फ़ोटो से भी क्लेम चल सकता है। वीडियो और डिब्बे की फ़ोटो दोनों न हों, तो क्लेम लगभग कहीं नहीं पहुँचता।
ख़रीदार को टूटा डिब्बा दरवाज़े पर ही दिखे तो क्या करे?
पार्सल न ले और राइडर को डैमेज बताकर लौटा दे। यह आपके पास NDR बनकर आएगा; NDR Management में Return to Origin (RTO) चुनिए और लौटा डिब्बा वीडियो बनाते हुए खोलिए। COD ख़रीदार ने कुछ दिया ही नहीं, इसलिए उसका कोई पैसा नहीं फँसता।
क्या क्लेम में मेरा मुनाफ़ा या विज्ञापन का ख़र्च भी मिलेगा?
नहीं। ShipSeth की शर्तों में आगे का नुक़सान, जैसे छूटी बिक्री, मुनाफ़ा, विज्ञापन ख़र्च या मार्केटप्लेस की पेनल्टी, शामिल नहीं है। क्लेम सिर्फ़ माल की क़ीमत देता है, ऊपर की सीमा तक।
ख़राब पैकिंग हो तो क्या कूरियर पैसा देगा?
आम तौर पर नहीं। कमज़ोर पैकिंग, ग़लत नाम से बुक किया माल और कम दिखाई गई क़ीमत, ये तीनों क्लेम से बाहर हैं। बिना भराई के पॉली मेलर या सिर्फ़ प्रोडक्ट का डिब्बा, यही सबसे आम वजह है जिस पर डैमेज क्लेम ख़ारिज होता है।