← कूरियर शब्दावलीपैकिंग और वज़न

कूरियर के लिए पार्सल कैसे पैक करें? जो डिब्बा पास में है, वह चलेगा या नहीं

ज़्यादातर दुकानों में पैकिंग नए कार्टन से नहीं होती। थोक बाज़ार से आए माल का ख़ाली डिब्बा, जूते का डिब्बा, या प्रोडक्ट का अपना रंगीन डिब्बा उठाया और टेप लगा दी। कभी यह ठीक बैठता है। कभी बरनी टूटकर आती है, और कभी 1 किलो का पार्सल 7 किलो का भाड़ा दे जाता है।

📦
ShipSeth Research Desk
Delhi, India · Updated 5 नवंबर 2026

सीधा जवाब

माल से थोड़ा ही बड़ा डिब्बा लीजिए: कपड़े और किताबों के लिए 3 प्लाई, काँच, भारी इलेक्ट्रॉनिक्स और 5 किलो से ऊपर के पैक के लिए 5 प्लाई। हर तरफ़ इतना भराव डालिए कि माल दीवार न छुए, ऊपर-नीचे H में टेप लगाइए, फिर सील डिब्बे का असली वज़न और नाप डालकर बुक कीजिए।

कूरियर के लिए पार्सल कैसे पैक करें, एक-एक कदम?

माल को ऐसे बंद कीजिए कि वह हिल न सके, और उसके लिए सबसे छोटा डिब्बा चुनिए जिसमें वह टिका रहे। बाक़ी कदम आपके क्लेम और आपके बिल को बचाते हैं।

  1. माल देखकर डिब्बा चुनिए। नीचे की तालिका बताती है किस माल को कौन-सा गत्ता चाहिए।
  2. माल नापिए, भराव जोड़िए। डिब्बा उतना ही बड़ा हो जितना माल और उसका भराव। ऊपर 10 सेमी ख़ाली जगह का मतलब है उस जगह का भाड़ा, और रास्ते में माल का उसी जगह में उछलना।
  3. भरिए, फिर हिलाइए। फ़्लैप बिना टेप के बंद कीजिए और डिब्बा हिलाइए। कुछ खिसके या खनके, तो भराव कम है।
  4. H में टेप। बीच की सिलाई पर एक पट्टी, दोनों किनारों पर एक-एक, ऊपर भी और नीचे भी। भूरी पैकिंग टेप लगाइए। पतली सेलो टेप धूप में खड़ी गाड़ी की गर्मी में छूट जाती है।
  5. लेबल सबसे बड़ी सतह पर, सपाट। पुराने डिब्बे पर किसी और का लेबल या बारकोड हो तो उखाड़िए या काले मार्कर से पूरा काटिए। लेबल का साइज़ और जगह शिपिंग लेबल वाली गाइड में है।
  6. सील डिब्बे को तौलिए और नापिए। बाहर का नाप, पूरे सेमी तक ऊपर गोल करके, और लेबल लगे डिब्बे का वज़न। काँटे पर रखे डिब्बे की एक फ़ोटो लीजिए जिसमें रीडिंग दिखे।
  7. वही आँकड़े बुकिंग में डालिए। ShipSeth के बुकिंग फ़ॉर्म के Package स्टेप में हर डिब्बे की एक पंक्ति होती है: संख्या, वज़न और L × B × H, सेमी या इंच चुनकर। पंक्ति 1 × 1 × 1 सेमी से शुरू होती है। उसे वैसा ही छोड़ देने से भाड़ा कम नहीं होता, बाद में कूरियर के दोबारा तौलने पर बढ़ता है।

3 प्लाई या 5 प्लाई, कौन-सा डिब्बा लें?

5 किलो तक के कपड़े, किताबें और न टूटने वाले माल के लिए 3 प्लाई; बाक़ी हर चीज़ के लिए 5 प्लाई। यह हमारी पैकिंग सलाह का नियम है, कूरियर का लिखा नियम नहीं। कूरियर कोई प्लाई की सूची नहीं छापते, बस "ढुलाई लायक पैकिंग" माँगते हैं, और उसकी परख टूट-फूट के क्लेम पर होती है।

मालडिब्बाक्यों
कपड़ा, साड़ी, सूटपॉली मेलर या 3 प्लाईटूटने वाला कुछ नहीं। कार्टन सिर्फ़ नाप और गत्ते का वज़न बढ़ाता है।
किताबें, डिब्बाबंद कॉस्मेटिक3 प्लाई5 किलो तक काफ़ी, बशर्ते माल अंदर खिसके नहीं।
पैक होकर 5 किलो से ऊपर कुछ भी5 प्लाईभारी डिब्बा हब पर सबसे नीचे रखा जाता है। 3 प्लाई की दीवार बीच से बैठ जाती है।
2 किलो से भारी इलेक्ट्रॉनिक्स5 प्लाईवज़न एक जगह होता है, कोने के बल गिरने पर झटका सीधा माल तक जाता है।
काँच, बरनी, चीनी मिट्टी, अत्तरहमेशा 5 प्लाईडिब्बे को वह गिरावट झेलनी है जो माल नहीं झेल सकता, चाहे शीशी 200 ग्राम की हो।

पहचान आसान है। डिब्बे का कटा किनारा देखिए: एक लहरदार परत दिखे तो 3 प्लाई, दो दिखें तो 5 प्लाई। ख़ाली डिब्बे की दीवार के बीच अँगूठा दबाइए। अगर आसानी से गड्ढा पड़ जाए, तो छँटाई के बोरे में ऊपर दो पार्सल पड़ते ही यह बैठ जाएगा।

पुराना डिब्बा दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं?

हाँ, अगर गत्ता माल के लायक है और नाप ठीक है। सदर बाज़ार या सूरत की कपड़ा मंडी से आए कार्टन अक्सर 5 प्लाई और मज़बूत होते हैं, बस आपके एक पार्सल के लिए बहुत बड़े। (साड़ी-सूट के मिले-जुले ऑर्डर के लिए स्टॉक के तीन डिब्बों में से सही चुनने का हिसाब कपड़े का पार्सल कैसे भेजें में है।) नीचे का टूल यही जाँचता है। माल और डिब्बे दोनों के नाप डालिए। टूल बताएगा कि माल भराव के साथ समाएगा या नहीं, गत्ता सही है या नहीं, यह डिब्बा कितने किलो का भाड़ा देगा और सही नाप का कार्टन कितने का, और काटकर छोटा करने से कितना बचेगा। आख़िर में पैकर के लिए हिंदी पर्ची बनती है जिसे WhatsApp पर भेज सकते हैं।

डिब्बा ज़रूरत से बड़ा है। सबसे ढीली तरफ़ 12.1 सेमी ख़ाली जगह है, जबकि 5 सेमी काफ़ी है। यह जगह आप भराव से भरेंगे और भाड़े में चुकाएँगे।

यह डिब्बा

7.5 किलो

40 × 30 × 30 सेमी। वॉल्यूमेट्रिक 7.2 किलो, पैक वज़न लगभग 1.48 किलो

सही नाप का कार्टन

3 किलो

5 प्लाई, लगभग 27 × 22 × 22 सेमी, हर तरफ़ 5 सेमी भराव

फ़र्क़

9 स्लैब

500 ग्राम के स्लैब पर, 5,000 के भाग से

इस माल और वज़न के लिए 5 प्लाई चाहिए। 3 प्लाई में टूट-फूट हुई, तो क्लेम पर कूरियर सबसे पहले इसी पैकिंग की ओर इशारा करेगा।

भराव: हर नग पर बबल रैप की दो परत, नगों के बीच गत्ते की दीवार, फिर हर ख़ाली जगह भरिए।

पैकर के लिए पर्ची (कॉपी करके WhatsApp पर भेजिए)

पैकिंग पर्ची: काँच, अचार की बरनी, चीनी मिट्टी, अत्तर की शीशी
डिब्बा: यह वाला नहीं। 5 प्लाई का लगभग 27 × 22 × 22 सेमी कार्टन लो।
भराव: हर नग पर बबल रैप की दो परत, नगों के बीच गत्ते की दीवार, फिर हर ख़ाली जगह भरिए।
बंद करके हिलाओ। अंदर कुछ खिसके या खनके, तो और भराव।
टेप: ऊपर और नीचे H की शक्ल में, भूरी पैकिंग टेप।
पुराना लेबल या बारकोड हो तो उखाड़ो या काले मार्कर से पूरा काटो। नया लेबल सबसे बड़ी सतह पर सपाट।
सील डिब्बे को तौलो, नाप लो, और काँटे पर रखे डिब्बे की एक फ़ोटो भेजो।

उदाहरण सिर्फ़ टूल समझाने के लिए बनाए गए हैं, ये ShipSeth के असली ऑर्डर नहीं हैं। भराव की गहराई, गत्ते की मोटाई (3 प्लाई की दीवार लगभग 4 मिमी, 5 प्लाई की 7 मिमी, दुकानी डिब्बे की 2 मिमी) और गत्ते का वज़न हमारे पैकिंग डेस्क के कामकाजी आँकड़े हैं, कूरियर के नियम नहीं। आपके कूरियर का कार्ड दूसरा भाग या स्लैब इस्तेमाल कर सकता है। सिर्फ़ माल का नाप डालकर नया कार्टन तय करना हो, तो English guide का box planner देखिए।

बड़ा डिब्बा हल्का होने पर भी महँगा क्यों पड़ता है?

क्योंकि कूरियर काँटे और जगह में से जो ज़्यादा हो, उसका पैसा लेता है। ShipSeth के B2C पार्सल कार्ड पर जगह का वज़न, यानी वॉल्यूमेट्रिक वज़न, लंबाई × चौड़ाई × ऊँचाई (सेमी में) ÷ 5,000 है।

टूल का पहला उदाहरण लीजिए। 1.1 किलो की अचार की बरनी, 10 × 10 × 15 सेमी, बिस्किट के ख़ाली 40 × 30 × 30 सेमी कार्टन में। डिब्बे का आयतन 36,000 घन सेमी है, ÷ 5,000 = 7.2 किलो। काँटे पर डिब्बा डेढ़ किलो के आसपास होगा, पर भाड़ा 7.5 किलो का लगेगा। अब वही बरनी 5 प्लाई के 27 × 22 × 22 सेमी कार्टन में, हर तरफ़ 5 सेमी भराव के साथ: 13,068 घन सेमी, यानी 2.61 किलो, और भाड़ा 3 किलो का। एक ही बरनी, नौ स्लैब का फ़र्क़।

पुराने डिब्बे की ऊँचाई काटकर 21 सेमी करने से भी वह 5.5 किलो पर आता है, पर वह अब भी 3 प्लाई है, और काँच के लिए 3 प्लाई ग़लत है। इस केस में डिब्बा बदलना ही सही जवाब है।

उल्टा केस घनी चीज़ों का है। किताबें या पीतल का सामान अक्सर असली वज़न पर ही बिल होता है, वहाँ डिब्बा छोटा करने से कुछ नहीं बचता। किताबों के बंडल और सेशन से पहले के थोक डिस्पैच का हिसाब किताबें कूरियर से कैसे भेजें में अलग से है। टूल का "यह डिब्बा" वाला खाना दोनों वज़न दिखाता है: वॉल्यूमेट्रिक बड़ा हो तो डिब्बे पर मेहनत कीजिए, छोटा हो तो मत कीजिए। स्लैब कैसे गिने जाते हैं, यह चार्जेबल वेट वाली गाइड में है, और फ़ॉर्मूला वॉल्यूमेट्रिक वज़न कैसे निकालें में।

जो भी नाप आप डालें, कूरियर अपने हब पर दोबारा नापता है। माल का नाप डाला और डिब्बा बड़ा भेजा, तो फ़र्क़ वेट डिस्क्रेपेंसी बनकर वॉलेट से कटता है। उसका जवाब वही फ़ोटो है: काँटे पर रखा सील डिब्बा, और लंबाई, चौड़ाई, ऊँचाई पर लगा फ़ीता।

अचार, घी, काँच और इलेक्ट्रॉनिक्स कैसे पैक करें?

मानकर चलिए कि डिब्बा कोने के बल गिरेगा और उल्टा भी होगा, और ऐसे पैक कीजिए कि दोनों से फ़र्क़ न पड़े। "Fragile" वाली टेप और तीर के निशान से छँटाई की बेल्ट का बर्ताव नहीं बदलता।

घी, तेल, अचार। ढक्कन पर टेप, फिर हर बोतल या बरनी अलग ज़िप बैग में सील। रिसाव बैग के अंदर रहा तो एक बोतल गई। डिब्बे से बाहर रिसा तो उसी बोरे के दूसरों के पार्सल भी ख़राब होते हैं, और कूरियर पूरा पार्सल रोक लेता है। ऐसा माल एयर से जाएगा या नहीं, यह एयर और सरफेस वाली गाइड में देखिए।

काँच और चीनी मिट्टी। हर नग अलग लपेटिए, नगों के बीच गत्ते की दीवार रखिए, और कोई नग दीवार से न लगे। मुरादाबाद के दीये, खुर्जा की क्रॉकरी, कन्नौज के अत्तर की शीशी: ये सब कोने से टूटते हैं, इसलिए सबसे ज़्यादा भराव कोनों में चाहिए। शीशी 200 ग्राम की हो तब भी 5 प्लाई। अत्तर तेल वाला है या अल्कोहल वाला, इसी से तय होता है कि वह कूरियर में जाएगा भी या नहीं; वह जाँच कूरियर में क्या नहीं भेज सकते वाली गाइड में है।

इलेक्ट्रॉनिक्स। प्रोडक्ट का अपना डिब्बा रखिए, पर उसे माल मानिए, पैकिंग नहीं। उसे शिपिंग कार्टन में रखिए, नीचे और ऊपर भराव की पूरी परत के साथ। कूरियर का लेबल प्रोडक्ट के डिब्बे पर कभी मत चिपकाइए; ख़रीदार को वह डिब्बा साफ़ चाहिए, और उस पर लगा लेबल पुराना माल लगता है।

ख़राब पैकिंग पर टूटे माल का क्लेम मिलेगा?

आम तौर पर नहीं, और यही पैकिंग का सबसे बड़ा दाँव है। ShipSeth की शर्तों (Terms) में ढुलाई लायक पैकिंग विक्रेता का काम है, और मर्चेंट एग्रीमेंट ठीक से पैक न किए गए माल के क्लेम नहीं मानता।

इसलिए पैकिंग ख़ुद एक सबूत है। फ़्लैप बंद करने से पहले भराव में रखे माल की एक फ़ोटो खींच लीजिए। क्लेम डिलीवरी के 7 दिन के अंदर करना होता है, AWB, इनवॉइस, अनबॉक्सिंग वीडियो और पैकिंग की फ़ोटो के साथ। रक़म ज़्यादा से ज़्यादा इनवॉइस की क़ीमत या ₹5,000, जो कम हो, जब तक माल कैरियर रिस्क पर न गया हो। पूरा तरीका पार्सल टूटा आया? डैमेज क्लेम कैसे करें में है, और रिस्क का अंतर ओनर रिस्क और कैरियर रिस्क वाली गाइड में।

असली डिब्बा, असली वज़न, बुकिंग से पहले भाव

अपने पैक डिब्बे का भाव हर कूरियर पर देखिए

रजिस्ट्रेशन मुफ़्त, कोई मासिक फ़ीस नहीं। डिब्बे का वज़न और नाप डालिए, हर कूरियर का भाव बुकिंग से पहले दिखता है, और भुगतान प्रीपेड वॉलेट से हर शिपमेंट पर।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

कूरियर के लिए पार्सल कैसे पैक करें?
माल से थोड़ा ही बड़ा कार्टन लीजिए, चारों तरफ़ इतना भराव डालिए कि माल दीवार को न छुए, ऊपर-नीचे H की शक्ल में टेप लगाइए, लेबल सबसे बड़ी सतह पर चिपकाइए, और सील डिब्बे का वज़न और नाप ही बुकिंग में डालिए।
क्या पुराना डिब्बा दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं?
हाँ, अगर दीवार मज़बूत है, कोने फटे नहीं और गीला होकर सूखा नहीं है। पुराने लेबल और बारकोड उखाड़ दीजिए या काले मार्कर से पूरा काट दीजिए, वरना हब की मशीन पुराना बारकोड पढ़ सकती है। बहुत बड़ा हो तो ऊँचाई काटकर छोटा कीजिए।
3 प्लाई और 5 प्लाई डिब्बे में क्या अंतर है?
3 प्लाई में काग़ज़ की तीन परत होती हैं: दो सपाट और बीच में एक लहरदार। 5 प्लाई में एक लहरदार परत और एक सपाट परत और जुड़ जाती है। कपड़े और किताबों के लिए 3 प्लाई काफ़ी है; काँच, 2 किलो से भारी इलेक्ट्रॉनिक्स और 5 किलो से भारी किसी भी पैक के लिए 5 प्लाई लीजिए।
बड़ा डिब्बा हल्का हो तब भी ज़्यादा पैसा क्यों लगता है?
कूरियर असली वज़न और वॉल्यूमेट्रिक वज़न में से जो ज़्यादा हो, उसका भाड़ा लेता है। ShipSeth के B2C कार्ड पर वॉल्यूमेट्रिक वज़न लंबाई × चौड़ाई × ऊँचाई (सेमी में) ÷ 5,000 है। 40 × 30 × 30 सेमी का डिब्बा 7.2 किलो गिना जाता है, अंदर चाहे 1 किलो की बरनी हो।
अचार की बरनी कूरियर से कैसे भेजें?
ढक्कन पर टेप लगाइए, बरनी को ज़िप बैग में सील कीजिए, फिर बबल रैप की दो परत लपेटिए। 5 प्लाई कार्टन में रखिए जिसमें हर तरफ़ लगभग 5 सेमी भराव हो। डिब्बा बंद करके हिलाइए; कुछ खनके तो और भराव डालिए।
ख़राब पैकिंग पर टूटे माल का क्लेम मिलेगा?
आम तौर पर नहीं। ShipSeth की शर्तों में ढुलाई लायक पैकिंग विक्रेता की ज़िम्मेदारी है, और मर्चेंट एग्रीमेंट ठीक से पैक न किए गए माल के क्लेम नहीं मानता। क्लेम डिलीवरी के 7 दिन के अंदर, अनबॉक्सिंग वीडियो और पैकिंग की फ़ोटो के साथ करना होता है।

स्रोत

  • 5,000 का भाग, 500 ग्राम के स्लैब और बुकिंग फ़ॉर्म का Package स्टेप ShipSeth के रेट और बुकिंग सिस्टम से हैं, छपने की तारीख़ के हिसाब से।
  • पैकिंग की ज़िम्मेदारी: ShipSeth Terms। 7 दिन की समय-सीमा और क्लेम के काग़ज़: ShipSeth Refund Policy।