ऑटो पार्ट्स कूरियर कैसे भेजें? बंपर, बैटरी और डीलर का मिक्स ऑर्डर
कश्मीरी गेट की गली हो या लुधियाना का गिल रोड, स्पेयर पार्ट्स वाले का पैसा तीन जगह फँसता है। डिब्बा पार्ट से बड़ा होता है, कोई कैन या बैटरी हब पर उतर जाती है, और डीलर के आठ कार्टन आठ अलग पार्सल में बुक हो जाते हैं। नीचे की पर्ची में डीलर का पूरा ऑर्डर डालिए: क्या एक बिल्टी पर जाएगा, क्या रोकना है, और बिल कितने किलो का बनेगा, सब एक बार में दिखेगा।
सीधा जवाब
ऑटो पार्ट्स ऐसे पैक कीजिए कि डिब्बे में कुछ न हिले, फिर पैक कार्टन तौलिए और नापिए। कूरियर असली वज़न और डिब्बे का वज़न (L × B × H cm ÷ 5,000) में से बड़ा लेता है, इसलिए बंपर और टायर डिब्बे पर बिलते हैं। एक डीलर के कई कार्टन एक बिल्टी पर B2B में भेजिए। लेड-एसिड बैटरी सपोर्ट से पूछे बिना नहीं।
डीलर के मिक्स ऑर्डर में क्या एक बिल्टी पर जाएगा, क्या रुकेगा?
हर लाइन में एक तरह का कार्टन: पार्ट, कितने कार्टन, एक कार्टन का पैक वज़न और बाहर का नाप। पहले से भरी लाइनें इस पेज का पहला उदाहरण हैं, उन्हें बदलकर अपना ऑर्डर डालिए।
बुक कीजिए
फ़िल्टर/सेंसर × 6
बॉडी पार्ट × 1
रोकिए, सपोर्ट से पूछिए
ऑयल/कूलेंट × 1
इस बुकिंग में नहीं
लेड-एसिड बैटरी × 1
लॉट डिब्बे पर बिल रहा है, और वजह बॉडी पार्ट वाली लाइन है। उसके बिना यही लॉट 6 CFT पर 90 किलो और 8 CFT पर 90 किलो का बनता। उस पार्ट का डिब्बा छोटा कीजिए, या उसे अलग बुक करके दोनों भाव मिलाइए।
बुकिंग से पहले कागज़
- इनवॉइस ₹62,000 है, ₹50,000 से ऊपर। ई-वे बिल नंबर के बिना बुकिंग आगे नहीं बढ़ेगी।
- B2B बुकिंग में इनवॉइस नंबर, रकम और टैक्स इनवॉइस की PDF लगानी होगी।
- इनवॉइस में सिर्फ़ वही माल रखिए जो इस बिल्टी पर जा रहा है, वरना कार्टन और बिल मेल नहीं खाएँगे।
डीलर को भेजने का मैसेज
नमस्ते, आपका ऑर्डर आज 7 कार्टन में एक ही बिल्टी (LR) पर बुक कर रहे हैं। LR नंबर बुकिंग होते ही भेजेंगे। माल उतारते समय कार्टन गिनकर ही साइन करें। ऑयल/कूलेंट इस माल के साथ नहीं जा रहा। कूरियर से हाँ आने के बाद अलग से भेजेंगे, उसकी ख़बर अलग देंगे। लेड-एसिड बैटरी कूरियर में नहीं जाती। इसे अपने शहर के डीलर से ले लें, उसका पैसा बिल में नहीं जोड़ेंगे। माल ₹50,000 से ऊपर का है, ई-वे बिल नंबर भी LR के साथ भेज देंगे।
हिसाब: पार्सल में असली वज़न और L × B × H ÷ 5,000 में बड़ा, अगले 500 ग्राम तक ऊपर। B2B में पूरे लॉट का असली वज़न और पूरे लॉट का नाप ÷ 4,500 (6 CFT) या ÷ 3,375 (8 CFT) में बड़ा, अगले किलो तक ऊपर, कम से कम 20 किलो। ये किलो हैं, रुपये नहीं: हर विकल्प का कुल भाव बुकिंग स्क्रीन पर दिखता है। CFT का पूरा मतलब CFT क्या होता है में है। सब कुछ आपके ब्राउज़र में गिना जाता है, कुछ सेव नहीं होता।
बंपर हल्का है, फिर भी क्लच प्लेट से ज़्यादा किलो क्यों लगते हैं?
क्योंकि पार्सल कूरियर दो चीज़ें देखता है, तराज़ू की सुई और गाड़ी में डिब्बे की घेरी जगह, और बिल बड़े पर बनता है।
जगह को किलो में बदलने का फ़ॉर्मूला एक ही है: लंबाई × चौड़ाई × ऊँचाई, सेंटीमीटर में, भाग 5,000। लोहे वाले पार्ट इस आँकड़े तक कभी नहीं पहुँचते। बॉडी पार्ट, लैंप और टायर हमेशा पहुँचते हैं। नीचे की तालिका में डिब्बों के नाप उदाहरण हैं, किसी असली शिपमेंट के नहीं; नियम वही है जो ShipSeth के पार्सल रेट कार्ड लगाते हैं।
| पार्ट | पैक डिब्बा (cm) | असली | डिब्बे का वज़न | बिल किस पर |
|---|---|---|---|---|
| क्लच प्लेट, 3 सेट | 30 × 30 × 12 | 7 किलो | 2.2 किलो | 7 किलो (तराज़ू) |
| साइड मिरर, जोड़ी | 45 × 30 × 25 | 1.5 किलो | 6.8 किलो | 7 किलो (डिब्बा) |
| बाइक का मडगार्ड | 80 × 30 × 20 | 1.2 किलो | 9.6 किलो | 10 किलो (डिब्बा) |
| कार का पिछला बंपर | 170 × 45 × 35 | 5.5 किलो | 53.6 किलो | 54 किलो (डिब्बा) |
| वही बंपर, 25 cm ऊँचे डिब्बे में | 170 × 45 × 25 | 5.5 किलो | 38.3 किलो | 38.5 किलो (डिब्बा) |
मडगार्ड वाली लाइन पर ध्यान दीजिए। 1.2 किलो का पार्ट 10 किलो पर पहुँचा, और 10 किलो पर बुकिंग फ़ॉर्म पार्सल के साथ B2B का भाव भी दिखाने लगता है। असली बचत आख़िरी दो लाइनों में है: बंपर का डिब्बा 10 cm नीचा किया तो 15.5 किलो कम हुए, और सुरक्षा उतनी ही रही, क्योंकि वह 10 cm हवा थी। कंपनी से आए बड़े स्टॉक डिब्बे में बंपर आगे मत भेजिए, दोबारा पैक कीजिए। अपने स्टॉक में से सबसे कम बिल वाला डिब्बा डिब्बे का साइज़ कैसे चुनें वाली गाइड बताती है, और इंच में नाप हो तो वॉल्यूमेट्रिक वज़न कैसे निकालें देखिए।
कौन-से ऑटो पार्ट्स कूरियर नहीं लेगा?
लेड-एसिड बैटरी नहीं लेगा, और तेज़ाब वाला या आग पकड़ने वाला कोई भी माल नहीं, जब तक कूरियर पहले से हाँ न कहे।
कार और बाइक की भरी हुई बैटरी असल में गंधक के तेज़ाब का डिब्बा है। ShipSeth का मर्चेंट एग्रीमेंट ऐसा माल तभी मानता है जब कोई कूरियर साफ़ अनुमति दे और माल उसी हिसाब से घोषित और पैक हो। इसलिए बैटरी को "auto parts" लिखकर बाक़ी कार्टनों में मत मिलाइए; पहले सपोर्ट से पूछिए कि आपके अकाउंट पर कोई कूरियर इसे लेता है या नहीं। कोई न ले, तो डीलर को साफ़ बता दीजिए कि बैटरी उसे अपने शहर से लेनी होगी।
EV और स्कूटर की लिथियम बैटरी मना नहीं, पर रोक वाली है: सिर्फ़ सरफेस से, और सिर्फ़ उस कूरियर पर जिसने हाँ कहा हो। हवाई बुकिंग में कभी नहीं। इंजन ऑयल, कूलेंट और ब्रेक ऑयल भी रोक वाले हैं, क्योंकि तरल हैं। कंपनी की सील वाला कैन, ढक्कन पर टेप, हर कैन अलग थैली में, सीधा खड़ा, सरफेस से, और कूरियर सपोर्ट से तय करके।
पुराने पार्ट की अपनी दिक़्क़त है। मायापुरी से निकला पुराना गियरबॉक्स या लौटाया गया कोर, जिसमें अब भी ऑयल है, दूसरे हब तक डिब्बे से रिसने लगता है। पहले ऑयल निकालिए, मोटी पॉलीथीन में बाँधिए, फिर डिब्बे में रखिए। पूरी सूची, खोज वाले बॉक्स के साथ, कूरियर में क्या नहीं भेज सकते में है।
स्पेयर पार्ट्स को रास्ते में टूटने से कैसे बचाएँ?
डिब्बा बंद करके हिलाइए; अंदर कुछ खिसकता सुनाई दे तो पैकिंग अधूरी है।
भारी पार्ट अपना ही डिब्बा फाड़ते हैं। बेयरिंग के 20 किलो के कार्टन में ऊपर 2 cm खाली जगह हो, तो हर सॉर्टर बेल्ट पर माल उसी जगह में उछलता है और कोना फट जाता है। खाली जगह भरिए और टेप H की शक्ल में लगाइए, एक पट्टी नहीं। हल्के पार्ट को ख़तरा ऊपर रखे भारी कार्टन से है: हेडलैंप के लिए 5 प्लाई डिब्बा और हर तरफ़ 5 cm भराव, लेंस अंदर की ओर। पेंट वाले पैनल का मुँह फ़ोम शीट से ढकिए, क्योंकि खरोंच का क्लेम जीतना बहुत मुश्किल होता है।
पैक कार्टन की तीन फ़ोटो रखिए: खुला, बंद, और तराज़ू पर रखा हुआ जिसमें फ़ीता भी दिखे। कूरियर ने दोबारा तौलकर ज़्यादा काटा तो यही फ़ोटो वेट डिस्क्रेपेंसी के क्लेम में काम आती हैं, और लैंप टूटा पहुँचा तो डैमेज क्लेम में। डिब्बे और भराव का पूरा तरीका पार्सल कैसे पैक करें में है।
डीलर का ऑर्डर पार्सल में भेजें या एक बिल्टी पर?
एक ही डीलर के एक से ज़्यादा कार्टन हैं तो एक B2B बुकिंग कीजिए, एक बिल्टी पर।
यह फ़ैसला ShipSeth बुकिंग से ख़ुद करता है। दो या ज़्यादा पीस वाली बुकिंग सिर्फ़ B2B में जाती है। अकेला कार्टन 10 किलो या ज़्यादा का हो तो पार्सल और B2B दोनों के भाव साथ दिखते हैं, सस्ता ऊपर। 10 किलो से कम, तो पार्सल। B2B का भाड़ा दो रीजन के बीच किलो के हिसाब से लगता है, कम से कम 20 किलो, माल एक लॉरी रसीद (LR या बिल्टी) पर चलता है, और बुकिंग में टैक्स इनवॉइस का नंबर, रकम और PDF चाहिए।
20 किलो के न्यूनतम से बचने के लिए लॉट को अलग-अलग पार्सल में मत तोड़िए। हर पार्सल का अपना पहला स्लैब लगेगा, डीलर के पास साइन करने के लिए एक बिल्टी नहीं होगी, और एक कार्टन कम पहुँचा तो हर डिब्बे का AWB अलग से ढूँढना पड़ेगा। एक जैसे कार्टन एक लाइन में गिनती के साथ भरिए, अलग नाप वाले अलग लाइन में।
उदाहरण 1: कश्मीरी गेट का एक होलसेलर बरेली के डीलर को भेज रहा है। फ़िल्टर और सेंसर के 6 कार्टन (40 × 30 × 25 cm, 15 किलो हर एक), एक अगला बंपर (180 × 50 × 40 cm, 6 किलो), इंजन ऑयल के 4 कैन का एक कार्टन, और एक कार बैटरी। बिल्टी वाले माल का इनवॉइस ₹62,000।
बुक होगा: 7 कार्टन · 96 किलो असली · पूरा नाप 5,40,000 cm³ · 6 CFT 120 किलो · 8 CFT 160 किलो
ऑयल रुकेगा जब तक सपोर्ट कूरियर तय न करे, बैटरी इस बुकिंग में जाएगी ही नहीं। अब असली बात: बंपर के बिना वही 6 कार्टन 90 किलो पर बिलते, 6 CFT पर भी और 8 CFT पर भी। एक 6 किलो के बंपर ने पूरे लॉट का बिल तराज़ू से उठाकर डिब्बे पर डाल दिया, 6 CFT पर 30 किलो और 8 CFT पर 70 किलो ज़्यादा। ऊपर की पर्ची यही लाइन पकड़ती है। इनवॉइस ₹50,000 से ऊपर है, तो ई-वे बिल बुकिंग से पहले चाहिए, और इतने माल पर ओनर रिस्क या कैरियर रिस्क भी सोच लीजिए।
उदाहरण 2: लुधियाना से अंबाला एक नया टायर, स्ट्रेच फ़िल्म में लिपटा, 65 × 65 × 20 cm, 8 किलो।
1 पीस · डिब्बे का वज़न 16.9 किलो · पार्सल 17 किलो · B2B 6 CFT 20 किलो (न्यूनतम) · 8 CFT 26 किलो
एक पीस है और 10 किलो से ऊपर, इसलिए दोनों भाव दिखेंगे। यहाँ पार्सल सबसे कम किलो गिनता है, पर किलो का रेट हर प्रोडक्ट पर अलग है, इसलिए फ़ैसला बुकिंग स्क्रीन के कुल भाव से कीजिए। एक ही ग्राहक के दो टायर हों तो उन्हें बाँधकर एक पीस बना सकते हैं।
फ़ैक्ट्री और होलसेल माल की बुकिंग, कदम-दर-कदम, फ़ैक्ट्री से डीलर तक माल कैसे भेजें में है, और बिल्टी की कौन-सी कॉपी किसके पास रहती है, यह बिल्टी क्या होती है में।
स्पेयर पार्ट्स पर ई-वे बिल कब लगेगा?
ShipSeth पर जिस बुकिंग का इनवॉइस ₹50,000 से ऊपर है, वह ई-वे बिल नंबर के बिना आगे नहीं बढ़ती।
मिस्त्री या गाड़ी वाले को जाने वाला एक पार्ट इस रकम के पास भी नहीं आता। डीलर का स्टॉक भरने वाला ऑर्डर आता है, और अक्सर उसी दिन पार होता है जिस दिन हिसाब वाला बिल में एक आइटम और जोड़ देता है। इसलिए ई-वे बिल इनवॉइस बनते ही बनवाइए, डिस्पैच डेस्क पर नहीं। मिक्स ऑर्डर में एक बात और: जो बैटरी या ऑयल रुक गया, उसे इस बिल्टी वाले इनवॉइस में मत रखिए। आपको ई-वे बिल चाहिए या नहीं, और उसमें क्या भरना है, यह ई-वे बिल क्या है वाली गाइड जाँचती है।
स्पेयर पार्ट्स वाले ShipSeth पर पैसे कैसे देते हैं?
हर शिपमेंट का पैसा प्रीपेड वॉलेट से कटता है, और पूरा भाव बुक करने से पहले दिखता है।
रजिस्ट्रेशन मुफ़्त है, कोई मंथली फ़ीस या प्लान नहीं। मिस्त्रियों को पार्सल और डीलरों को B2B लॉट, दोनों एक ही अकाउंट, एक ही पिकअप पॉइंट और एक ही वॉलेट से जाते हैं। पार्सल पर प्रीपेड और COD दोनों चलते हैं; COD का पैसा हफ़्ते में दो बार, हर मंगलवार और शुक्रवार आता है। पहली बुकिंग से पहले ग्राहक का पिनकोड सर्विसेबिलिटी और ODA चेकर पर देख लीजिए और एक कार्टन का भाव शिपिंग रेट कैलकुलेटर पर। बिलिंग का पूरा तरीका प्राइसिंग पेज पर है, और यही गाइड अंग्रेज़ी में How to Ship Auto Parts in India पर है।
पहले नाप, फिर भाव
अगला स्पेयर पार्ट्स ऑर्डर यहाँ से बुक करें
रजिस्ट्रेशन मुफ़्त, कोई मंथली फ़ीस नहीं। पैक कार्टन डालिए, हर कूरियर का बिल वज़न और कुल भाव बुक करने से पहले दिखेगा।