← कूरियर शब्दावलीभाड़ा और क्लेम

डिक्लेयर्ड वैल्यू क्या होती है? बुकिंग फ़ॉर्म और बल्क शीट में कौन-सी रक़म लिखें

एक ऑर्डर फ़ॉर्म से बुक करते हैं तो Invoice Value का खाना ₹0 नहीं लेने देता। पचास ऑर्डर की शीट अपलोड करते हैं तो कोई नहीं टोकता। ख़ाली सेल, ₹ के निशान वाला सेल, सब चुपचाप ₹0 बनकर बुक हो जाते हैं, और पता तब चलता है जब कोई पार्सल खोता है।

🧾
ShipSeth Research Desk
Delhi, India · Updated 5 नवंबर 2026

सीधा जवाब

डिक्लेयर्ड वैल्यू वह क़ीमत है जो आप बुकिंग के समय माल की बताते हैं। इसमें बिल की पूरी रक़म लिखिए, GST समेत और छूट घटाकर; COD रक़म या ख़रीद का दाम नहीं। माल खोने पर इससे ज़्यादा नहीं मिलता (ShipSeth पर यह रक़म या ₹5,000, जो कम हो), और ₹50,000 से ऊपर ई-वे बिल चाहिए।

डिक्लेयर्ड वैल्यू क्या होती है?

यह माल की वह क़ीमत है जो आप कूरियर के रिकॉर्ड पर दर्ज कराते हैं। ShipSeth के बुकिंग फ़ॉर्म के पहले स्टेप में इसका नाम Invoice Value है, बल्क अपलोड की शीट में Declared Value (₹), और बुकिंग के बाद ऑर्डर खोलें तो पैनल में फिर से Declared Value लिखा दिखता है। तीन नाम, एक ही रक़म।

कूरियर डिब्बा खोलकर इसे नहीं जाँचता। वह इसे बाद में पकड़ता है: पार्सल भिवंडी के हब पर गुम हुआ, या ट्रक का माल कोटा के पास किसी नाके पर रुका, तो पहले यही रक़म देखी जाती है और फिर साथ चल रहा बिल। दोनों न मिलें, तो बात वहीं से बिगड़ने लगती है।

नीचे की तालिका बताती है कि यह रक़म कहाँ-कहाँ डलती है और कहाँ आपको कोई रोकने वाला नहीं:

कहाँखानाक्या लिखेंShipSeth की रोक
बुकिंग फ़ॉर्म, स्टेप 1Invoice Valueबिल की पूरी रक़म, GST समेत, छूट घटाकर₹0 डालने ही नहीं देता
बुकिंग फ़ॉर्म, स्टेप 1 (COD पर)COD Amountदरवाज़े पर राइडर जितना नकद लेगावैल्यू से अलग खाना
बुकिंग फ़ॉर्म, स्टेप 2E-way billबिल ₹50,000 से ऊपर हो तो नंबरनंबर माँगता है
बल्क शीटDeclared Value (₹)हर लाइन में उस ऑर्डर का बिलकोई रोक नहीं, ख़ाली या ₹ वाला सेल ₹0
बुकिंग के बाद, ऑर्डर का पैनलDeclared Valueयहाँ सिर्फ़ जाँचना हैजो दर्ज हुआ वही दिखता है

डिक्लेयर्ड वैल्यू में कौन-सी रक़म लिखें: बिल, COD या ख़रीद का दाम?

बिल की कुल रक़म, GST जोड़कर और जो छूट दी उसे घटाकर। यही एक आँकड़ा है जिसे आप बाद में काग़ज़ से साबित कर सकते हैं।

ख़रीद का दाम लिखने की आदत सबसे ज़्यादा रीसेलर में होती है। "मैंने सूरत से ₹1,100 में उठाई थी" सही है, पर ख़रीदार को बिल ₹1,650 का गया है, और क्लेम उसी बिल से साबित होता है। ₹1,100 लिखा तो ₹1,100 ही मिलेंगे, उस माल के जो आप ₹1,650 में बेच चुके थे।

गोल रक़म लिखना ("सब पर ₹500 डाल दो") दूसरी आदत है। सस्ते ऑर्डर पर यह ज़्यादा है, महँगे पर कम, और किसी पर भी बिल से मेल नहीं खाती।

डिक्लेयर्ड वैल्यू और COD रक़म अलग क्यों होती है?

क्योंकि एक माल की क़ीमत है और दूसरी बाक़ी वसूली। पूरा पैसा दरवाज़े पर मिलना हो तो दोनों बराबर, और ख़रीदार ने कुछ भी पहले दे दिया तो अलग।

उदाहरण: सूरत का एक विक्रेता ₹3,200 की साड़ी भेजता है और RTO से बचने के लिए ₹300 UPI पर पहले ले लेता है। राइडर को ₹2,900 वसूलने हैं, तो COD Amount ₹2,900। पर साड़ी की क़ीमत अब भी ₹3,200 है, तो Declared Value ₹3,200। नीचे की उदाहरण शीट में यही ORD-2204 है। दोनों खानों में ₹2,900 लिख दिया और पार्सल खो गया, तो ₹2,900 तक ही क्लेम बनेगा, और ख़रीदार को लौटाने वाले ₹300 अपनी जेब से जाएँगे।

उल्टी ग़लती ज़्यादा ख़तरनाक है: COD रक़म वैल्यू से ज़्यादा। इसका मतलब राइडर माल की लिखी क़ीमत से ज़्यादा नकद माँगेगा। बिल पर अलग से डिलीवरी चार्ज जुड़ा हो तो ठीक, वरना यह टाइपिंग की ग़लती है जो दरवाज़े पर पकड़ी जाएगी। शीट में ORD-2208 ऐसी ही लाइन है: ₹1,580 का माल, ₹1,850 की वसूली। COD का पैसा हफ़्ते में दो बार, हर मंगलवार और शुक्रवार आता है; पूरा हिसाब COD कैसे काम करता है में है।

बल्क शीट में डिक्लेयर्ड वैल्यू ₹0 क्यों हो जाती है?

क्योंकि शीट में यह कॉलम ज़रूरी नहीं है, और जो सेल सादा नंबर नहीं है उसे अपलोड ₹0 पढ़ता है। ख़ाली सेल ₹0। "₹7,800" ₹0। Excel में कॉमा वाला फ़ॉर्मेट लगा हो, तो ₹1,000 से ऊपर की हर रक़म "1,450" जैसी दिखती है, और वह भी ₹0।

COD Amount के साथ ऐसा हो तो अपलोड लाइन रोक देता है, क्योंकि COD लाइन में COD रक़म 0 से ज़्यादा होनी चाहिए। Declared Value पर ऐसी कोई रोक नहीं। लाइन हरी दिखती है, रेट आता है, ऑर्डर बुक हो जाता है। इसलिए अपलोड से पहले यह कॉलम आप ख़ुद जाँचिए।

नीचे का टूल यही करता है। Excel से चार कॉलम एक साथ कॉपी करके चिपकाइए, इसी क्रम में: Order Reference, Payment Type, COD Amount, Declared Value। टूल हर लाइन बताता है कि ShipSeth उसे क्या पढ़ेगा, कौन-सी लाइन अपलोड पर रुकेगी, कौन-सी चुपचाप ग़लत बुक होगी, और जो शीट बनाता है उसके लिए WhatsApp संदेश लिख देता है।

लाइनें

2 / 8 ठीक

2 अपलोड पर रुकेंगी · 4 चुपचाप ग़लत बुक होंगी

ShipSeth जो वैल्यू पढ़ेगा

₹72,980

शीट में दिखती कुल वैल्यू ₹80,780 · ₹7,800 ₹0 बनकर गायब

₹5,000 से ऊपर का बिना कवर हिस्सा

₹62,700

बीमा न हो तो खोने पर यह आपका नुक़सान

ऑर्डरशीट मेंपढ़ा जाएगाक्या करें
ORD-2201
cod
1450₹1,450

ठीक है।

ORD-2202
cod
ख़ाली₹0

Declared Value खाली है। यह ₹0 पढ़ा जाएगा और लाइन बिना रोक-टोक आगे चली जाएगी, यानी खोने पर क्लेम ₹0।

ORD-2203
prepaid
₹7,800₹0

शीट में "₹7,800" दिख रहा है, पर ₹ या कॉमा की वजह से यह ₹0 पढ़ा जाएगा। सेल में सादा नंबर 7800 रखिए।

खोने पर ज़्यादा से ज़्यादा ₹5,000 (बीमा न हो तो)। ऊपर के ₹2,800 का जोखिम आपका।

ORD-2204
cod
3200₹3,200

वैल्यू COD से ₹300 ज़्यादा है। एडवांस मिला था, तो यही सही है।

ORD-2205
cod
650₹650

रुकेगी: COD लाइन में COD Amount खाली है। अपलोड यह लाइन रोक देगा।

ORD-2206
prepaid
64900₹64,900

₹64,900 का माल: ₹50,000 से ऊपर ई-वे बिल चाहिए, और शीट में ई-वे बिल का कोई खाना नहीं है। यह ऑर्डर शीट से हटाकर बुकिंग फ़ॉर्म से बुक कीजिए, स्टेप 2 नंबर माँगेगा।

खोने पर ज़्यादा से ज़्यादा ₹5,000 (बीमा न हो तो)। ऊपर के ₹59,900 का जोखिम आपका।

ORD-2207
topay
1200₹1,200

रुकेगी: Payment Type "topay" नहीं चलेगा, शीट में सिर्फ़ prepaid या cod। टू-पे ऑर्डर बुकिंग फ़ॉर्म से बुक कीजिए।

ORD-2208
cod
1580₹1,580

राइडर ₹1,850 वसूलेगा, पर माल की क़ीमत ₹1,580 लिखी है। बिल पर डिलीवरी चार्ज न जुड़ा हो, तो यह टाइपिंग की ग़लती है।

शीट बनाने वाले के लिए संदेश:

आज की बुकिंग शीट अपलोड करने से पहले ये लाइनें ठीक करो:
• ORD-2202: Declared Value में बिल की पूरी रक़म डालो
• ORD-2203: Declared Value में ₹ और कॉमा हटाओ, सिर्फ़ 7800
• ORD-2205: COD Amount भरो, जितना राइडर को वसूलना है
• ORD-2206: शीट से हटाओ, ई-वे बिल के साथ अलग बुक होगा
• ORD-2207: Payment Type में prepaid या cod लिखो, टू-पे वाला ऑर्डर अलग से बुक होगा
• ORD-2208: COD रक़म वैल्यू से ज़्यादा है, बिल से मिलाओ
Declared Value और COD Amount वाले कॉलम का फ़ॉर्मेट General रखना, कॉमा या ₹ वाला नहीं।

उदाहरण वाली शीट टूल समझाने के लिए बनाई गई है, ये ShipSeth के असली ऑर्डर नहीं हैं। "पढ़ा जाएगा" वाला कॉलम ShipSeth के बल्क अपलोड के नियम पर चलता है: सादा नंबर हो तो वही, बाक़ी सब ₹0। एक ऑर्डर फ़ॉर्म से बुक करना हो, तो English guide का declared-value check हर खाने की रक़म बताता है।

पार्सल खो गया तो कितना पैसा मिलेगा?

ShipSeth पर ज़्यादा से ज़्यादा डिक्लेयर्ड इनवॉइस वैल्यू या ₹5,000, जो भी कम हो, जब तक शिपमेंट का बीमा न लिया हो। डिक्लेयर्ड वैल्यू छत है, गारंटी नहीं; क्लेम बिल दिखाकर साबित करना होता है।

उदाहरण वाली शीट से तीन ऑर्डर लीजिए। ORD-2201 ₹1,450 का है, तो ₹1,450 तक। ORD-2203 मुरादाबाद के पीतल के सामान का ₹7,800 का प्रीपेड ऑर्डर है: सेल ठीक कर दिया तब भी ₹5,000 तक, बाक़ी ₹2,800 आपका जोखिम। और अगर सेल "₹7,800" ही रहा, तो क्लेम की छत ₹0।

जो विक्रेता अक्सर ₹5,000 से महँगे अकेले नग भेजते हैं (मोबाइल, चाँदी, पीतल की मूर्तियाँ), उनके लिए असली बचाव पैकिंग और सबूत हैं। डैमेज क्लेम वाली गाइड में 7 दिन की समय-सीमा और ज़रूरी काग़ज़ हैं, और पैकिंग गाइड में डिब्बा।

कम वैल्यू लिखने से भाड़ा कम होता है?

B2C पार्सल पर आम तौर पर नहीं। भाड़ा चार्जेबल वेट और ज़ोन से बनता है, COD चार्ज COD रक़म से। कार्ड में वैल्यू से जुड़ी कोई लाइन हो, तो वह बुकिंग से पहले कोट में दिख जाती है।

B2B माल पर कैरियर रिस्क चुना हो, तो ROV की लाइन डिक्लेयर्ड वैल्यू का प्रतिशत होती है, एक न्यूनतम रक़म के साथ। वैल्यू कम लिखने से यह कुछ सौ रुपये घटता है। बदले में ShipSeth का मर्चेंट एग्रीमेंट (§13.4) कम लिखे गए माल का क्लेम मानता ही नहीं, यानी पूरी खेप का जोखिम आप पर। ऐसा मत कीजिए। ROV महँगा लगे तो ओनर रिस्क और कैरियर रिस्क वाली गाइड पढ़कर तय कीजिए कि रिस्क किस पर रखना है, रक़म घटाकर नहीं।

ज़्यादा लिखने से भी कुछ नहीं मिलता। ₹2,000 का सूट ₹8,000 पर डिक्लेयर किया, तो भी क्लेम बिल से साबित होगा, यानी ₹2,000 तक।

₹50,000 से ऊपर के माल पर क्या करें?

ई-वे बिल बनाइए और वह ऑर्डर बुकिंग फ़ॉर्म से अकेले बुक कीजिए। माल की क़ीमत टैक्स समेत ₹50,000 से ऊपर हो, तो ई-वे बिल चाहिए (GST Council e-way bill flyer, Chapter 18), और ShipSeth का फ़ॉर्म स्टेप 2 में उसका नंबर माँगता है।

बल्क शीट में ई-वे बिल का खाना है ही नहीं। उदाहरण का ORD-2206, सदर बाज़ार के किसी दुकानदार का ₹64,900 का माल, शीट से जाएगा तो बिना ई-वे बिल नंबर के। उसे शीट से हटाइए। और रक़म ₹49,000 लिखकर फ़ॉर्म की माँग से बचने की सोचिए भी मत: नाके पर बिल पढ़ा जाता है, बुकिंग नहीं। राज्यों के अपवाद ई-वे बिल क्या है में हैं।

बिल की रक़म डालिए, भाव बुकिंग से पहले देखिए

सही वैल्यू के साथ बुक कीजिए

रजिस्ट्रेशन मुफ़्त, कोई मासिक फ़ीस नहीं। बिल की रक़म, डिब्बा और पिनकोड डालिए, हर कूरियर का भाव बुकिंग से पहले दिखता है, और भुगतान प्रीपेड वॉलेट से हर शिपमेंट पर।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

डिक्लेयर्ड वैल्यू क्या होती है?
बुकिंग के समय आप माल की जो क़ीमत कूरियर को बताते हैं, वही डिक्लेयर्ड वैल्यू है। ShipSeth के बुकिंग फ़ॉर्म में यह Invoice Value का खाना है और बल्क शीट में Declared Value (₹) का कॉलम। इसमें बिल की पूरी रक़म लिखिए, GST समेत।
डिक्लेयर्ड वैल्यू और COD रक़म एक ही होती है?
पूरा पैसा दरवाज़े पर मिलना हो, तो दोनों बराबर। ख़रीदार ने कुछ एडवांस दिया हो, तो नहीं। ₹3,200 की साड़ी पर ₹300 UPI से आ गए, तो COD रक़म ₹2,900 और डिक्लेयर्ड वैल्यू ₹3,200 रहेगी।
बल्क शीट में Declared Value खाली छोड़ दी तो क्या होगा?
अपलोड रुकेगा नहीं। ख़ाली सेल ₹0 पढ़ा जाता है, और ₹ या कॉमा वाले फ़ॉर्मेट का सेल भी। ऑर्डर बुक हो जाएगा, पर खोने पर क्लेम की सीमा ₹0 रहेगी। COD Amount ख़ाली हो तो COD लाइन रुक जाती है, पर Declared Value पर ऐसी कोई रोक नहीं।
पार्सल खो गया तो कितना पैसा मिलेगा?
ShipSeth की शर्तों के हिसाब से ज़्यादा से ज़्यादा डिक्लेयर्ड इनवॉइस वैल्यू या ₹5,000, जो कम हो, जब तक शिपमेंट का बीमा न हो। ₹7,800 के पीतल के सामान पर ₹5,000 तक, बाक़ी ₹2,800 का नुक़सान आपका।
कम वैल्यू लिखने से भाड़ा कम होता है?
B2C पार्सल पर आम तौर पर नहीं, भाड़ा वज़न और ज़ोन से बनता है। B2B माल पर कैरियर रिस्क में ROV कुछ सौ रुपये घटता है, पर कम लिखे माल का क्लेम ShipSeth का मर्चेंट एग्रीमेंट मानता ही नहीं। बचत छोटी, जोखिम पूरा।
डिक्लेयर्ड वैल्यू में GST जोड़ना है?
हाँ, बिल की कुल रक़म लिखिए। ई-वे बिल का नियम भी माल की क़ीमत टैक्स समेत गिनता है: ₹45,000 का माल 18% GST के साथ ₹53,100 होता है, और उस पर ई-वे बिल चाहिए।

स्रोत

  • बुकिंग फ़ॉर्म के Invoice Value, COD Amount और ई-वे बिल वाले खाने, और बल्क शीट के कॉलम व उनके पढ़ने का नियम ShipSeth के बुकिंग और बल्क अपलोड सिस्टम से हैं, छपने की तारीख़ के हिसाब से।
  • ₹5,000 की सीमा: ShipSeth Terms §7.2। कम लिखे माल पर क्लेम नहीं: मर्चेंट एग्रीमेंट §13.4।
  • ई-वे बिल की ₹50,000 की हद: GST Council, GST Flyer Chapter 18 (e-Way Bill)।